गणतंत्र दिवस पर एसपी धमतरी ने कैंप कार्यालय और SP ऑफिस में किया ध्वजारोहण

धमतरी। 77 वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा कैम्प कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान राष्ट्रगान का गायन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के मूल्यों, कर्तव्यों एवं अनुशासन का पालन करते हुए आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
साथ ही पुलिस बल द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया। इसके पश्चात आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के उपरांत पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा जिले के शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की गई। इस दौरान शहीद परिवारों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीदों का बलिदान पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए धमतरी पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय,सीएसपी. अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी.मोनिका मरावी,डीएसपी.मीना साहू,वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल,रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, मुख्य लिपिक लक्ष्मी ध्रुव,स्टेनो अखिलेश शुक्ला,सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





