छत्तीसगढ़

पुलिस एक्शन मोड पर, वारंटियों के खिलाफ अभियान

Admin2
6 Jan 2021 5:35 AM GMT
पुलिस एक्शन मोड पर, वारंटियों के खिलाफ अभियान
x
93 स्थायी वारंटों की तामिली कर आरोपियों को भेजा जेल

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। पुलिस एक्शन मोड में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार यादव द्वारा कल रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों/थाना प्रभारियों को स्थायी/गिरफ्तारी वारंटो की तामिली हेतु निर्देश दिये गये थे। जिसके तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले के नेतृत्व में समस्त नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा अपने - अपने अनुभाग के थाना प्रभारियों सहित थाना व रक्षित केन्द्र के बलों के साथ अपने - अपने थाना क्षेत्रों में काम्बिंग गश्त करते हुये स्थायी/गिरफ्तारी वारंटीयों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया गया। काम्बिंग गश्त में वारंटीयों के विरूद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान कार्यवाही के दौरान अलग-अलग थानों के 84 विभिन्न गंभीर अपराधों के स्थायी वारंट एवं 09 गिरफ्तारी वारंट इस प्रकार कुल 93 स्थायी/गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की जाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गुण्डा बदमाशों, चाकूबाजों, अड्डेबाजों, गुटबाजी करने वालों, संदिग्ध व्यक्तियों, अपराधिक तत्वों सहित वारंटीयों के विरूद्ध रायपुर पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

अपराधियों के हौसले फिर भी बुलंद चार दिन में चार लूट : राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राजधानी के अलग-अलग थानों में पिछले चार दिनों के भीतर लूट की चार वारदातें हुई हैं, लेकिन पुलिस अभी तक एक भी मामले को नहीं सुलझा पाई है। अज्ञात लुटरों ने महिला बाल विकास में कार्यरत महिला अधिकारी से लूट की। रविवार की रात हाइवा चालक से लूटपाट की गई। वहीं सोमवार की शाम छह बजे रावांभाठा में दुकान संचालक लूट का शिकार हो गया। अज्ञात लुटरे उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

शहर में लूट की घटनाएं घटी हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश में लगी है। पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। जल्द ही इन अपराधियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

- लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस

अधीक्षक, रायपुर (शहर)

चरस के साथ पकड़ाए हिस्ट्रीशीटर का पुलिस ने निकाला जुलूस

राजधानी की पुलिस लगातार नशे के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने पुराने हिस्ट्रीशीटर यासीन अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लाखों रूपए का चरस और गांजा जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। दरअसल पुलिस को 4 जनवरी को सूचना मिली थी कि एक आरोपी दलदल सिवनी विज्ञान भवन गेट के सामने गांजा और चरस बेच रहा है। सूचना के बाद एसएसपी अजय यादव ने एडिशनल एसपी लखन पटले और क्राइम एडिशनल एसपी अभिषेक माहेश्वरी को आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए गये। पंडरी थाना पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी यासीन अली को नशीला पर्दाथ की बिक्री करते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से पुलिस ने 335 ग्राम चरस, पांच किलों गांजा जब्त किया है। आरोपी यासीन अली थाना सिविल लाईन का हिस्ट्रीशीटर है और बहुत ही शातिर किस्म का बदमाश है। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाईन सहित रायपुर के अलग अलग थानों में दर्जनों भर अपराध दर्ज है। आरोपी कई बड़ी वारदातो को अंजाम देने के मामले में कई बार जेल भी जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी यासीन अली ईरानी डेरा बीएसयूपी कालोनी पंडरी का रहने वाला है।

शहर में 3 करोड़ का गांजा पकड़ाया, इंदौर पुलिस ने 5 तस्करों को दबोचा

इंदौर से रायपुर आई डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस की टीम ने 1500 किलो गांजा बरामद किया है। इस गांजे की कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। टीम ने इस गांजे की तस्करी कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई रविवार-सोमवार की देर रात अभनपुर इलाके में की गई है। इस कार्रवाई को गुप्त रखा गया था। स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं होने की बात सामने आ रही है। और अब इस मामले का खुलासा हुआ है। गांजे की इस बड़ी खेप को पकडऩे वाले डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस के इंदौर जोनल यूनिट की टीम ने बताया कि यह गांजा आंध्र प्रदेश के और अरकू वैली की तरफ से लाया जा रहा था। गांजे की डिलीवरी महाराष्ट्र में होनी थी। पूरा गांजा ऑर्गेनिक खाद की बोरियों में छुपा कर लाया जा रहा था । ट्रक के आगे एक कार भी चल रही थी। ट्रक के बारे में टीम को जानकारी पहले ही मिल चुकी थी। खुफिया दस्ते ने अभनपुर के पास इस ट्रक को रोककर जांच की। जिसमें 1500 किलो गांजा बरामद किया गया। जिसकी कीमत 3 करोड़ है। इस मामले में ट्रक में सवार ट्रक और कार में सवार कुल 5 तस्करों को भी पकड़ा गया है। इनसे पूछताछ करके यह भी जानने की कोशिश की जा रही है कि यह गांजा किसे डिलीवर किया जाना था। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस की टीम ने इस साल देश के अलग-अलग हिस्सों से 5800 किलो अवैध गांजा बरामद किया है और 21 लोगों को इसी तरह से गिरफ्तार किया है।

Next Story