छत्तीसगढ़

जादू टोना करने के शक में वृद्ध की पिटाई, जांच में जुटी पुलिस

Nil dhankar
21 Feb 2022 10:50 AM IST
जादू टोना करने के शक में वृद्ध की पिटाई, जांच में जुटी पुलिस
x
छग न्यूज़

बिलासपुर। सीपत क्षेत्र के जेवरा में युवक ने 80 वर्षीय वृद्ध पर जादू टोना का आरोप लगाकर पिटाई कर दी। शोर सुनकर वृद्ध के पोते ने बीच-बचाव किया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद पीड़ित ने सीपत थाने में शिकायत की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही है। सीपत क्षेत्र के जेवरा में रहने वाले मानसाय खांडे(80) किसान हैं। वृद्धावस्था के कारण वे घर में ही रहते हैं। शुक्रवार की दोपहर तीन बजे वे गांव के जूना तालाब की ओर गए थे।

तालाब से लौटते समय गांव के दयाशंकर मरावी ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान उसने जादू टोना का भी आरोप लगाया। इसका विरोध करने पर उसने वृद्ध की डंडे से पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान वृद्ध ने शोर मचाया। अपने दादा की आवाज सुनकर उनका पोता प्रशांत वहां आया। उसने बीच-बचाव कर अपने दादा को छुड़ाया। मारपीट से वृद्ध के सिर और हाथ में चोट आई। प्रशांत ने आहत दादा को सिम्स पहुंचाया। उपचार के बाद शनिवार को उन्होंने घटना की शिकायत सीपत थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Next Story