छत्तीसगढ़

अधिकारी रणनीति और कार्ययोजना के साथ विकास को नई गति देने पर देवें जोर: सचिव पिथोडे

Shantanu Roy
16 April 2026 9:52 PM IST
अधिकारी रणनीति और कार्ययोजना के साथ विकास को नई गति देने पर देवें जोर: सचिव पिथोडे
x
छग
Dantewada. दंतेवाड़ा। आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के महत्वाकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत प्रगति की समीक्षा केंद्रीय प्रभारी अधिकारी (सीपीओ) एवं सदस्य सचिव, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम), पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तरुण कुमार पिथोडे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की समीक्षा के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि एवं बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में जिले की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक की शुरुआत में पीपीटी के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों एवं प्रगति की समग्र समीक्षा प्रस्तुत की गई। प्रस्तुति में स्वास्थ्य एवं पोषण के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, पंजीयन, नियमित एएनसी जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के उपचार की जानकारी दी गई। मितानिनों द्वारा घर-घर भ्रमण, वीएचएसएनडी, पीएमएसएमए एवं विस्तारित पीएमएसएमए के माध्यम से सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
पोषण सुधार के लिए सुपोषण अभियान, यूनिवर्सल एग पहल एवं आंगनबाड़ी के माध्यम से गर्म भोजन वितरण जैसे प्रयासों से कुपोषण में कमी लाने पर जोर दिया गया। नवजात शिशुओं के लिए जन्म के तुरंत बाद स्तनपान, संस्थागत प्रसव एवं 24ग7 स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा टीकाकरण अभियान, टीबी नियंत्रण हेतु कॉल सेंटर आधारित निगरानी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रूपांतरण, स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन एवं विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता पर भी जानकारी दी गई।
शिक्षा के क्षेत्र में ड्रॉपआउट बच्चों के पुनः नामांकन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यालयों में शौचालय, पेयजल एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर दी गयी जानकारी पर सदस्य सचिव ने संतोष व्यक्त किया। कृषि तथा उसके अनुषंगिक विभागों जानकारी के तहत बताया कि संबंधित क्षेत्रों में सूक्ष्म सिंचाई, बीज वितरण, कृषि ऋण, मंडियों के सशक्तिकरण, पशुपालन, टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान पर कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, मूलभूत अंधोसंरचनात्मक परियोजनाओं के तहत सड़क निर्माण, इंटरनेट कनेक्टिविटी, कॉमन सर्विस सेंटर, जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं ग्रामीण आवास निर्माण जैसे आधारभूत कार्यों में भी निरंतर प्रगति के संबंध में भी सदस्य सचिव को अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी तरुण कुमार पिथोडे ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में वास्तविक परिवर्तन लाने के लिए सभी को जनक्रांति के भाव के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जो गांव अभी भी विकास से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है, ताकि शासन की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने कार्य को केवल दायित्व न समझें, बल्कि उसे जुनून और स्पष्ट लक्ष्य के साथ करें। प्रत्येक विभाग को निर्धारित इंडिकेटर्स के अनुरूप कार्य करना होगा और समयबद्ध तरीके से प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। पिथोडे ने यह भी निर्देशित किया कि कार्यों में मौजूद अंतर को पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए ठोस रणनीति और कार्ययोजना बनाई जाए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा के दौरान सभी इंडिकेटर्स में अनिवार्य प्रगति लाना सभी विभागों को दायित्व है और इसके लिए समय-सीमा निर्धारित भी करे। समय-समय पर किये गए कार्यों का पूर्वावलोकन करते हुए बचे हुए कार्यों को पूरा करने के लिए रणनीति के तहत कार्य करें। इसके लिए टीम भावना, समन्वय और सतत मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भरोसा जताया कि जिले के अधिकारी अपनी प्रतिबद्धता और मेहनत से अपेक्षित परिणाम हासिल करेंगे और दंतेवाड़ा को विकास के नए आयामों तक पहुँचाएंगे।
बैठक के अंत में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने आश्वस्त किया कि सदस्य सचिव द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का गंभीरता से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी विभागों द्वारा समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में कमी या अंतर चिन्हित किए गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ दूर किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी समीक्षा तक सभी इंडिकेटर्स में ठोस प्रगति दिखाई देगी तथा जिले को विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने हेतु सतत प्रयास किए जाएंगे। बैठक के दौरान जिले के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
Next Story