छत्तीसगढ़

डॉक्टर समेत 6 स्वास्थ्यकर्मियों को नोटिस जारी, ड्यूटी से थे नदारद

Nilmani Pal
6 May 2022 10:06 AM GMT
डॉक्टर समेत 6 स्वास्थ्यकर्मियों को नोटिस जारी, ड्यूटी से थे नदारद
x

बिलासपुर। सिटी डिस्पेंसरी सकरी में एक चिकित्सक और पांच स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी के दौरान गायब मिले। सिविल सर्जन डाक्टर अनिल गुप्ता ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही चेतावनी दी है कि स्पष्टीकरण संतोषप्रद नहीं हुआ तो एक दिन का वेतन रोका जाएगा। सीएमएचओ डाक्टर प्रमोद महाजन के निर्देश पर स्वास्थ्य महकमे के अधिकारी जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के काम में जुट गए हैं। जांच में यह बात सामने आई हैं कि ग्रामीण क्षेत्र में संचालित होने वाले अस्पताल से ज्यादातर समय डाक्टर व कर्मचारी गायब रहते हैं।

इसकी वजह से ग्रामीणों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। कई बार इसकी वजह से ग्रामीण उपचार से वंचित भी हो जाते हैं। वहीं, अब कर्मियों व डाक्टर पर लगाम लगाया जा रहा है। इसी कड़ी में सिविल सर्जन डाक्टर अनिल गुप्ता सकरी सिटी डिस्पेंसरी का सुबह 10.30 बजे निरीक्षण के लिए पहुंचे। वहां ड्यूटी करने वाले एक चिकित्सक और पांच कर्मचारी नदारद थे। इलाज के लिए मरीजों परेशान हो रहे थे। गर्मी में परेशान हो रहे मरीजों को देखकर सीएस नाराज हुए और उन्होंने वहां मौजूद सिर्फ एक कर्मचारी से पूछा कि कितने लोगों की ड्यूटी है, और इतने सारे लोग क्यों ड्यूटी से गायब हैं।

Next Story