छत्तीसगढ़
नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पति ने भी की आत्महत्या की कोशिश
Shantanu Roy
30 May 2026 10:46 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत की खबर से सदमे में आए पति ने भी उसी फंदे से आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन परिजनों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। फिलहाल पति का अस्पताल में उपचार जारी है। सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शहर के बांसपारा निवासी पुरुषोत्तम यादव का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पहले ग्राम पाहंदा निवासी दुर्गा यादव के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि दुर्गा यादव (21 वर्ष) पिछले कुछ समय से शारीरिक परेशानी से जूझ रही थीं। परिजनों के अनुसार उन्हें पेट दर्द की समस्या थी और शनिवार को उनका उपचार कराने अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
इसी बीच शनिवार सुबह दुर्गा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए मसीही अस्पताल धमतरी पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति पुरुषोत्तम यादव गहरे सदमे में आ गए। बताया गया कि अस्पताल से घर लौटने के बाद उन्होंने भी उसी फंदे का उपयोग कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उन्हें फंदे से नीचे उतार लिया।
इसके बाद वरदान एंबुलेंस की सहायता से पुरुषोत्तम यादव को जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हुई और घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि पत्नी की मृत्यु के बाद पति भावनात्मक रूप से टूट गए थे और इसी सदमे में उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया। समय रहते परिजनों द्वारा बचा लिए जाने से उनकी जान बच गई।
चूंकि मृतका नवविवाहिता थी, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tagsधमतरी आत्महत्या मामलानवविवाहिता की मौतदुर्गा यादवपुरुषोत्तम यादवफांसी लगाकर आत्महत्यापति ने की आत्महत्या की कोशिशसिटी कोतवाली धमतरीजिला अस्पताल धमतरीछत्तीसगढ़ समाचारDhamtari suicide casedeath of newly married womanDurga YadavPurushottam Yadavsuicide by hanginghusband attempted suicideCity Kotwali DhamtariDistrict Hospital DhamtariChhattisgarh news
Next Story





