पंचायतों में नवगठित सहकारी समितियाँ शीघ्र होंगी कार्यशील

बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारी समिति में गोदाम निर्माण, नवगठित प्राथमिक कृषि साख समिति को कार्यशील करना, सभी ग्राम पंचायतों में बहुउद्देशीय पैक्स का गठन आदि पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने अन्न भण्डारण योजना अंतर्गत चयनित पैक्स भरसेला में 2500 मेट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण के सबंध में राज्य भण्डारण निगम को जल्द टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिये। गोदाम निर्माण के लिये ऋण हेतु नाबार्ड से आवश्यक समन्वय करने कहा। उन्होंने नवगठित प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों को कार्यशील करने तथा जिन ग्राम पंचायतों में बहुउद्देशीय पैक्स का गठन शेष है वहां जल्द गठित कराने के निर्देश दिए।
इस वर्ष जिले में कुल 75 सहकारी समितियां का गठन किया जा चुका है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहकारी समिति बनाया जाना है इस हेतु सहकारिता विभाग, मत्स्य विभाग एवं पशु पालन विभाग को निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिले में पंजीकृत 39 नवीन पैक्स समितियों को कार्यशील बनाने हेतु शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कियान्वयन करने हेतु निर्देशित किया। नवगठित पैक्स के लिए कार्यालय सह गोदाम निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन,आबंटन शीघ्र कराये जाने एवं समितियों में कार्यरत कर्मचारियों का आंकलन करने तथा खाद बीज कीटनाशक की व्यवसाय हेतु लायसेंस की प्रक्रिया पूर्ण कराने, हार्डवेयर की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए आगामी खरीफ 2026 से नवीन समितियों के माध्यम से कृषकों को खाद-बीज ऋण वितरण का कार्यसंचालन कराने हेतु निर्देशित किया ।
कलेक्टर ने समितियों में संचालित माइक्रों एटीएम में ट्रान्जेक्शन बढ़ाने हेतु सभी शाखा प्रबधकों को निर्देशित किया । जिले के सभी 129 ई-पैक्स के रूप में घोषित किये जा चुके है। इनका सतत रूप से पर्यवेक्षण कर पैक्स कम्प्यूटराईजेशन कार्य में पिछड़े समितियों को तत्काल तातारीख एण्ट्री करते हुए रियल टाईम में लाने हेतु निर्देशित किया । जिले में पैक्स समितियों द्वारा संचालित जनऔषधि केन्द्रों में कार्य व्यवसाय में वृद्धि हेतु प्रचार-प्रसार करने एवं नवीन जनऔषधि केन्द्र खोलने हेतु प्रक्रियाधीन 2 समितियों में शीघ्र कार्यवाही पूर्ण कर प्रारंभ कराने के निर्देश दिये। बैठक में समर्थन मूल्य में धान खरीदी की भी समीक्षा किया की गई जिसमें अवैध खरीदी पर अंकुश लगाने हेतु सभी शाखा प्रबंधकों एवं सहकारिता निरीक्षकों को सतत् निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण करने हेतु निर्देशित किया गया।धान खरीदी में किसानों को बेहतर सुविधा मिले इस हेतु शासन के निर्देशों के अनुरूप सुचारू से धान खरीदी का कार्य संचालित करने हेतु निर्देशित किया गया। लाइसेंसधारी दुकनदारों को ही अपने दुकान में धान खरीदी करने सम्बन्धी निर्देशों का पालन कराने कहा गया।
बैठक में उपायुक्त सहकारिता, उप संचालक पशुपालन,जिला खाद्य अधिकारी, सहायक संचालक, मत्स्य पालन , उप संचालक कृषि , जिला विकास प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी, एफसीआई, केंद्रीय भण्डारण निगम के प्रतिनिधि, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ रायपुर के प्रतिनिधि सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





