
x
अपर कलेक्टर से डिप्टी कलेक्टर तक कई अधिकारी बदले
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा के 23 अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में अधिकारियों को नई पदस्थापना दी गई है। इस सूची में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्यरत अधिकारियों के नाम शामिल हैं। राज्य सरकार ने प्रशासनिक आधार पर यह स्थानांतरण किया है।
18 अधिकारियों के तबादले की पहली सूची जारी
सामान्य प्रशासन विभाग के पहले आदेश में 18 अधिकारियों के नाम शामिल हैं। आदेश के अनुसार, वीरेंद्र लकड़ा को नारायणपुर से अपर कलेक्टर जांजगीर-चांपा बनाया गया है। योगिता देवांगन को कोरबा से राजनांदगांव में अपर कलेक्टर पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, चंद्रिका प्रसाद बघेल को सुकमा से स्थानांतरित कर बस्तर में यथावत अपर कलेक्टर पद पर पदस्थ किया गया है। राजकुमार तंबोली को नारायणपुर से अपर कलेक्टर जांजगीर-चांपा और हिमानी नाहिद को माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर से अपर कलेक्टर रायपुर बनाया गया है। प्रकाश कुमार भारद्वाज को कोंडागांव से कोरबा में अपर कलेक्टर बनाया गया है। विपुल कुमार गुप्ता को मंत्रालयीन जिम्मेदारियों के साथ सचिव, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
डिप्टी कलेक्टरों और संयुक्त कलेक्टरों की पदस्थापना बदली
अरुण कुमार खलखो को बालोद से बलौदाबाजार-भाटापारा में डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। गिरीश कुमार रामटेके को आवासीय आयुक्त कार्यालय से मंत्रालय में पदस्थ किया गया है। अगरराम राणा को सक्ती से नारायणपुर में संयुक्त कलेक्टर और राहुल कुमार रजक को कोरिया से दुर्ग में पदस्थ किया गया है। संगीता अग्रवाल को बिलासपुर से चिकित्सा शिक्षा संचालनालय रायपुर, मोनिका जय ऋषि को दुर्ग से माध्यमिक शिक्षा मंडल, हेमलता डहरिया को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से आवासीय आयुक्त कार्यालय तथा ओम विकास टंडन को उत्तर बस्तर कांकेर से जांजगीर-चांपा भेजा गया है। नीता ठाकुर को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण शाला बिलासपुर में प्राचार्य बनाया गया है। सृष्टि चंद्राकर को संभागीय आयुक्त कार्यालय दुर्ग से डिप्टी कलेक्टर दुर्ग और ऋचा सिंह को मंत्रालय से डिप्टी कलेक्टर जांजगीर-चांपा पदस्थ किया गया है।
पांच अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी
दूसरे आदेश में पांच अधिकारियों की पदस्थापना बदली गई है। दशरथ सिंह राजपूत को नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा से अपर कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ बनाया गया है। भागवत प्रसाद जायसवाल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से अपर कलेक्टर उत्तर बस्तर कांकेर पदस्थ किया गया है। प्रफुल्ल कुमार रजक को सारंगढ़-बिलाईगढ़ से डिप्टी कलेक्टर मुंगेली, दिलीप कुमार उडके को बीजापुर से डिप्टी कलेक्टर कोंडागांव और मृणमयी शुक्ला को उत्तर बस्तर कांकेर से डिप्टी कलेक्टर मुंगेली बनाया गया है।
आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर देंगे सेवाएं
सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित करते हुए आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना स्थल पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। दोनों आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार जारी किए गए हैं। विभागीय आदेश पर क्लेमेंटिना लकड़ा के डिजिटल हस्ताक्षर हैं।
Next Story





