छत्तीसगढ़

पानी के लिए विवाद होने पर पड़ोसियों ने एक दूसरे के मकान में लगी दी आग

Nilmani Pal
28 April 2022 2:48 AM GMT
Neighbors set fire to each others house due to a dispute over water
x

बिलासपुर। सरकारी नल में पानी भरने को लेकर हुए विवाद के बाद पड़ोसियों ने एक दूसरे के मकान में आग लगा दी। आसपास के लोगों ने आग को किसी तरह बुझाया। इसके बाद दोनों ने घटना की शिकायत कोटा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। कोटा के गड्ढापारा में रहने वाले मोहम्मद अल्ताफ किराना दुकान चलाते हैं। उनके पड़ोस में नगर पंचायत में काम करने वाले तरकीब शाह रहते हैं।

मंगलवार की दोपहर दोनों के परिवार वालों के बीच सरकारी नल से पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। आसपास के लोगों की समझाइश के बाद विवाद शांत हो गया था। देर रात तरकीब शाह के मकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया। आग से घर में रखे कपड़े, छप्पर जल गए। इसके बाद आसपास के लोग अपने घरों में सोने चले गए। इसके कुछ देर बाद ही अल्ताफ के मकान में भी आग लग गई। आग लगने की जानकारी होने पर मोहल्ले वाले वहां आए। मोहल्ले वालों ने किसी तरह आग को बुझाया। इस बीच उनके घर में रखे कपड़े, बांस-बल्ली, बच्चों के मार्कशीट समेत अन्य दस्तावेज जल गए। बुधवार की सुबह दोनों पक्ष एक दूसरे की शिकायत लेकर थाने पहुंचे। दोनों ने एक दूसरे पर आगजनी का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष की शिकायत पर जुर्म दर्ज कर लिया है। इसकी जांच की जा रही है।

Next Story