छत्तीसगढ़

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लापरवाही, स्टाफ नहीं मिला तो मरीज की ड्रेसिंग दोस्त ने की

SHIDDHANT
8 May 2026 11:19 PM IST
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लापरवाही, स्टाफ नहीं मिला तो मरीज की ड्रेसिंग दोस्त ने की
x
कोरबा
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: कोरबा जिले स्थित जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल के ड्रेसिंग रूम में स्टाफ के मौजूद न होने पर एक मरीज के दोस्त को खुद ही ड्रेसिंग करनी पड़ी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी हुकुम कुमार का कुछ दिन पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद टांके में दर्द और परेशानी बढ़ने पर वह अपने दोस्त चंदन कुमार के साथ ड्रेसिंग कराने अस्पताल पहुंचा था।

आरोप है कि जब दोनों ड्रेसिंग रूम पहुंचे तो वहां काफी देर तक कोई भी स्वास्थ्यकर्मी या स्टाफ मौजूद नहीं था। मरीज की हालत और असुविधा को देखते हुए उसके दोस्त चंदन कुमार ने मजबूरी में खुद ही ड्रेसिंग करने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था और स्टाफ की लापरवाही पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में इस तरह की लापरवाही पहले भी सामने आती रही है, लेकिन इस बार मामला गंभीर इसलिए हो गया क्योंकि मरीज के परिजन को खुद ही मेडिकल काम करना पड़ा। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ की जिम्मेदारी तय की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और जिम्मेदार स्टाफ की कमी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
Next Story