छत्तीसगढ़

आवापल्ली में NDRF ने दिया आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक प्रशिक्षण

Shantanu Roy
30 July 2026 10:53 PM IST
आवापल्ली में NDRF ने दिया आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक प्रशिक्षण
x
छग
Bijapur. बीजापुर। उसूर तहसील के आवापल्ली स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में फेमेक्स ( FEMEX-2026 ) कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ( NDRF) की टीम द्वारा व्यापक आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं सुरक्षित बचाव के उपायों की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान NDRF के विशेषज्ञों ने भूकंप, बाढ़, आगजनी, सर्पदंश, विद्युत दुर्घटना, जल दुर्घटना तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का विस्तृत प्रदर्शन किया।

टीम ने मॉक ड्रिल के माध्यम से बताया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम रखते हुए किस प्रकार स्वयं की सुरक्षा के साथ अन्य लोगों की भी सहायता की जा सकती है। विशेषज्ञों ने प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तकनीक, सीपीआर ( CPR ) तथा आपदा के समय आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न बचाव तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास किया।

NDRF अधिकारियों ने कहा कि आपदा के समय जागरूकता, समय पर सही निर्णय और सामुदायिक सहयोग से जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक हो सकें। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने NDRF टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यवहारिक प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो पाते हैं। FEMEX -2026 के तहत यह प्रशिक्षण आपदा जोखिम न्यूनीकरण और सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
Next Story