
x
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को 22 वर्ष पुराने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2004 से लंबित स्थायी वारंट की तामिली करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीम ने मध्यप्रदेश के रीवा, शहडोल, ब्यौहारी, अनूपपुर और भालूमाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी थी।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा फरार वारंटियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मध्य जोन के थानों में लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस उपायुक्त मध्य जोन श्री तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली श्री दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया था। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश की।
वर्ष 2004 के एनडीपीएस मामले में था स्थायी वारंट
पुलिस के मुताबिक, थाना गोलबाजार में दर्ज अपराध क्रमांक 147/2004 में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज था। इस प्रकरण में वारंटी झुरी उर्फ समारू उर्फ पहरु, पिता मंद लाल गौड़ यादव, निवासी ग्राम गोवा, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था। यह स्थायी वारंट पिछले 22 वर्षों से लंबित था। थाना गोलबाजार पुलिस लगातार आरोपी की पतासाजी और तलाश में जुटी हुई थी। विशेष टीम ने मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में किया गया पेश
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद वर्ष 2004 से लंबित स्थायी वारंट की तामिली की गई। इसके बाद उसे अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इसी प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी के संबंध में भी पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पता चला है कि दूसरा आरोपी किसी अन्य मामले में गौरेला-पेंड्रा जेल में निरुद्ध है। उसके विरुद्ध प्रोडक्शन वारंट जारी कराने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि उसे भी संबंधित प्रकरण में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा सके।
फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान जारी
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और वर्षों से लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य पुराने लंबित मामलों में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना और फरार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना है।
Next Story





