छत्तीसगढ़

नक्सलियों का मजबूत हुआ अर्थतंत्र ! अब नज़रें मध्यप्रदेश की ओर

Admin2
14 Feb 2021 4:02 PM GMT
नक्सलियों का मजबूत हुआ अर्थतंत्र ! अब नज़रें मध्यप्रदेश की ओर
x
नक्सलियों का मजबूत हुआ अर्थतंत्र

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। छत्तीसगढ़ में अर्धसैनिक बल का दबाव बढ़ने से नक्सली पलायन कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में बालाघाट उनका पुराना ठिकाना रहा है, लेकिन अब नए जिले भी उनकी जद में हैं। जहां उन्होंने जंगलों और नदी-नालों को कारीडोर बनाया है। नक्सली मंडला तक ही नहीं, अमरकंटक तक घुस गए हैं। मंडला में पहली बार आठ-आठ लाख के इनामी नक्सली मारे जाने से पुलिस महकमा भी नक्सली गतिविधियों को लेकर चौकन्ना हो गया है।

मध्य प्रदेश में अपना वजूद फिर कायम करने के लिए नक्सलियों ने बढ़ाए कदम
मध्य प्रदेश में अपनी खोई ताकत वापस पाने के लिए नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी ने एक बार फिर मध्य प्रदेश पर फोकस किया है। अपना वजूद फिर कायम करने के लिए सेंट्रल कमेटी ने मध्य प्रदेश की सीमा से लगे छत्तीसगढ़ के कवर्धा कबीरधाम में विस्तार दलम का गठन कर कदम बढ़ाए हैं। इसके जरिए मध्य प्रदेश में नक्सली अपनी पैठ बढ़ा रहे हैं। यहां नक्सलियों ने नया कारीडोर बनाया है।
मध्य प्रदेश में नक्सलियों ने तैयार किया नया रूट मैप
बालाघाट के कान्हा नेशनल पार्क के गढ़ी रेंज से लगे घने जंगलों में बसे गांवों से मंडला के रास्ते उमरिया, अनूपपुर, शहडोल से सिंगरौली तक नक्सलियों ने नया रूट मैप तैयार किया। इन इलाकों में नक्सली फोर्स की कमी का फायदा उठा रहे हैं।
नक्सली नया इलाका तलाश रहे
नक्सलियों की महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे बालाघाट के जंगलों में आवाजाही कम होने से सुरक्षा में चूक का अब नक्सली फायदा उठा रहे हैं। नक्सलियों की दो प्लाटून जंगल में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में बॉर्डर एरिया में गोरिल्ला ट्रेनिंग देकर नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी ने दो प्लाटून को जंगल में उतार दिया है। इसके साथ ही यहां कान्हा भोरम बोडला कमेटी भी तैयार की है जिसकी एक महिला सदस्य मंडला में पुलिस की गोली का निशाना बन गई है। 900 गावों को किया चिन्हित मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया के जंगलों में नक्सलियों ने 900 गांवों को चिन्हित किया है।
नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए पुलिस तत्पर
नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए पुलिस तत्पर है। लगातार सर्चिग से नक्सली घिर रहे हैं। बालाघाट रेंज में पुलिस को नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में हुए तीन एनकांउटर में पांच नक्सली मारे गए हैं- केपी वेंकटेश्वर राव, एडीजी, बालाघाट।
Next Story