छत्तीसगढ़

ऑटोमेटिक रायफल समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त नक्सलियों द्वारा छुपाया गया था

Shantanu Roy
24 Aug 2026 6:56 PM IST
ऑटोमेटिक रायफल समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद जब्त नक्सलियों द्वारा छुपाया गया था
x
छग
Sukma. सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने भेज्जी थाना क्षेत्र के जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों के एक बड़े डंप का पता लगाया है। डंप से ऑटोमेटिक एवं देशी हथियारों के साथ बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, विस्फोटक सामग्री, नक्सली वर्दी और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया है। बरामदगी के बाद क्षेत्र में तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल ऑप्स रोहित शाह के मार्गदर्शन में 24 अगस्त को संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम अभियान पर निकली थी। जवानों ने थाना भेज्जी क्षेत्र के ग्राम भंडारपदर और मुनुरकोंडा के पहाड़ी-जंगल वाले इलाके में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम भंडारपदर के जंगल में संदिग्ध स्थान दिखाई देने पर जवानों ने उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखा गया बड़ा डंप बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों की नजर से बचाने के लिए हथियारों और विस्फोटक सामग्री को जंगल के भीतर सुरक्षित स्थान पर रखा था। संयुक्त टीम ने सावधानीपूर्वक डंप की जांच कर वहां मौजूद सभी सामान को अपने कब्जे में ले लिया।
सुरक्षा बलों ने डंप से एक एसएलआर रायफल, एक 315 बोर रायफल, एक 410 मस्कट रायफल, छह बीजीएल लॉन्चर, एक सिंगल शॉट रायफल, एक 315 बोर देशी कट्टा, पांच 12 बोर रायफल और सात भरमार बंदूक बरामद की हैं। इसके साथ एक एसएलआर मैगजीन और एक अन्य मैगजीन भी जब्त की गई है। डंप से आठ बड़े, 23 मध्यम और 58 छोटे बीजीएल सेल मिले हैं। पांच देशी हैंड ग्रेनेड, आठ बीजीएल मुंडी और 66 बीजीएल कार्ट्रिज भी बरामद किए गए। जिंदा कारतूसों में एके-47 के 45 राउंड, एसएलआर के 196 राउंड, इंसास रायफल के 89 राउंड, .303 रायफल के 97 राउंड, 315 बोर रायफल के 20 राउंड और 12 बोर रायफल के 45 राउंड शामिल हैं।
विस्फोटक सामग्री के रूप में सुरक्षा बलों ने 240 जिलेटिन स्टिक, दो स्टील के बर्तनों में रखा करीब 18 किलोग्राम गन पाउडर, छह एक्सीलेटर प्लग और 40 टाइगर बम पटाखे बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त एके-47 रायफल के 31 खाली खोखे, .303 रायफल के दो खाली खोखे और 12 बोर रायफल के 10 खाली खोखे भी डंप से मिले हैं। नक्सली गतिविधियों में उपयोग किए जाने वाले सामान में 18 मैगजीन पाउच, सात बीजीएल पाउच, सात जोड़ी काली वर्दी, 10 कमर पाउच, पांच नीले ड्रम, काले रंग के 32 कमर बेल्ट और हरे रंग के 22 कमर बेल्ट बरामद हुए हैं। टीम को 11 व्हिसल गार्ड, सात मंकी कैप, दो वेल्डर शील्ड, दो सोलर प्लेट, तीन रिबन, पांच मीटर कपड़े की चेन और सात पिट्ठू बैग भी मिले हैं।
इसके अलावा डंप में दवाइयां तथा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी रखी हुई थी। इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिलने से आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने इसे भविष्य में सुरक्षाबलों के विरुद्ध इस्तेमाल करने या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से छिपाया था। हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी। हथियारों की बरामदगी के बाद सुरक्षा बल आसपास के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी और उनके अन्य संभावित ठिकानों की तलाश कर रहे हैं। संबंधित क्षेत्र में जवानों की सतर्कता बढ़ाने के साथ लगातार सर्चिंग की जा रही है। पुलिस बरामद हथियारों, कारतूसों और विस्फोटक सामग्री की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डंप किस नक्सली संगठन या दलम से संबंधित है।
Next Story