छत्तीसगढ़

गणतंत्र दिवस उत्सव पर ‘नव भारत उल्लास मेला’ का आयोजन

Shantanu Roy
27 Jan 2026 11:05 PM IST
गणतंत्र दिवस उत्सव पर ‘नव भारत उल्लास मेला’ का आयोजन
x
छग
Surajpur. सूरजपुर। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विकासखंड रामानुजनगर के विभिन्न ग्रामों के विद्यालयों में उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत स्वयंसेवकों एवं ग्राम प्रभारियों द्वारा उत्साहपूर्वक ‘उल्लास मेला’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, ग्रामीण नागरिक तथा बड़ी संख्या में महिलाएँ और पुरुष उपस्थित रहे। इस मेले की सबसे खास बात यह रही कि गाँव के असाक्षर नवसाक्षर महिला-पुरुष ने सक्रिय भागीदारी निभाई। चित्रों के माध्यम से शब्द पहचानना, अक्षरों को जोड़कर पढ़ना, अंकों को समझना और सरल लेखन का अभ्यास जैसे गतिविधियों ने सभी में सीखने की ललक बढ़ाई। कुछ स्थानों पर नवसाक्षरों को अंकसूची एवं अभ्यास सामग्री भी वितरित की गई, जिससे वे आगे भी अभ्यास जारी रख सकें। विकासखंड परियोजना अधिकारी (साक्षरता) रविनाथ तिवारी ने बताया कि पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने, अधिकारों को समझने और जीवन स्तर सुधारने का माध्यम है। मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का संचालन नवसाक्षर, स्वयंसेवक एवं शिक्षार्थियों ने स्वयं किया। इन स्टॉलों पर अक्षर पहचान, मात्रा ज्ञान, शब्द निर्माण, चित्र पहचान, गिनती, जोड़-घटाव जैसे विषयों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। टीएलएम (शैक्षणिक सामग्री) जैसे चार्ट, चित्र, अक्षर कार्ड, कंकड़, गिनती सामग्री आदि का उपयोग कर सीखने की प्रक्रिया को सरल और मनोरंजक बनाया गया। ग्राम पतरापाली में कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि “हर हाथ में किताब, हर घर में साक्षरता” ही सशक्त समाज की पहचान है। साक्षर व्यक्ति न केवल अपने परिवार का बेहतर मार्गदर्शन कर सकता है, बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता, बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का भी लाभ आसानी से उठा सकता है। उल्लास मेले के माध्यम से ग्रामीणों में यह विश्वास जगाया गया कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। इस तरह के आयोजन साक्षरता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूरे विकासखंड में आयोजित यह उल्लास मेला को उत्सव के साथ मनाया गया वही ज्ञान, जागरूकता और सामाजिक भागीदारी से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया।
Next Story