छत्तीसगढ़
रायपुर के 21 थानों और पुलिस लाइन में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
Shantanu Roy
31 Oct 2026 9:39 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर गुजरात के एकता नगर स्थित केवड़िया में राष्ट्रीय एकता परेड 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के 21 थानों, पुलिस लाइन और जिला स्तर पर किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों और आम नागरिकों ने परेड का प्रसारण देखा और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आत्मसात किया। रायपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का विशेष आयोजन शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में किया गया। इसमें पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कामले, सभी पुलिस उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन में देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं और नागरिकों ने राष्ट्र की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य देशवासियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान की याद दिलाने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करना है। इसी संदेश को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सभी थानों और पुलिस लाइन में भी कार्यक्रम का प्रसारण किया गया, ताकि अधिक से अधिक पुलिसकर्मी और आम नागरिक इस आयोजन से जुड़ सकें।
DRG और बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव
एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड में छत्तीसगढ़ की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) टीम, बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो टीम और डॉग स्क्वाड ने भी हिस्सा लिया। इन टीमों की शानदार और अनुशासित परेड को देखकर रायपुर में कार्यक्रम देख रहे पुलिस अधिकारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने करतल ध्वनि से उनका अभिवादन किया। विशेष रूप से बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो की भागीदारी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों की इस भागीदारी को राज्य के पुलिस बल की क्षमता, साहस और अनुशासन के प्रदर्शन के रूप में देखा गया। जवानों की उपस्थिति ने राष्ट्रीय एकता परेड में छत्तीसगढ़ की भूमिका को भी प्रमुखता से सामने रखा।
नक्सलवाद के खात्मे पर विशेष प्रस्तुति ने जगाया गर्व
राष्ट्रीय एकता परेड के बाद छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में नक्सलवाद के उन्मूलन को लेकर एक विशेष प्रस्तुति दिखाई गई। इसमें नक्सलवाद की शुरुआत से लेकर उसके प्रभाव, प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों और सुरक्षा अभियानों के माध्यम से इसके उन्मूलन के प्रयासों को दर्शाया गया। प्रस्तुति में बताया गया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास स्थापित करने के लिए सुरक्षा बलों ने किस तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान जवानों की वीरता, कठिन परिस्थितियों में किए गए अभियानों और सर्वोच्च बलिदान को भी याद किया गया। प्रस्तुति देखकर कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य लोगों ने जवानों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों में सुरक्षा बलों की भूमिका और उनके बलिदान को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने देश की आंतरिक सुरक्षा के महत्व को समझा। कार्यक्रम का यह हिस्सा विशेष रूप से भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा।
विद्यार्थियों और युवाओं ने लिया देश सेवा का संकल्प
कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों और युवाओं ने राष्ट्रीय एकता परेड के माध्यम से देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लिया। उन्होंने देश और समाज के विकास में सकारात्मक योगदान देने तथा आपसी सद्भाव और एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन के माध्यम से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिस बल और आम नागरिकों को एक मंच पर जोड़कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के महत्व का संदेश दिया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश की एकता के साथ छत्तीसगढ़ के जवानों के साहस और बलिदान को भी सम्मानपूर्वक याद किया गया।
Next Story





