छत्तीसगढ़

कोरिया जिले में राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ

Shantanu Roy
11 April 2026 3:24 PM IST
कोरिया जिले में राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ
x
छग
Korea. कोरिया। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, मंत्रालय महानदी रायपुर के निर्देशानुसार ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत कोरिया जिले में राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य जिले की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण करना है। इस कार्य के सफल संचालन के लिए कलेक्टर चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

समिति में डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत), संजय दुबे (मुख्य नगर पालिका अधिकारी), एम.सी. हिमधर (प्राचार्य, महाविद्यालय बैकुंठपुर), वी.के. राय (जिला शिक्षा अधिकारी), मारुति शर्मा एवं बाल्मिक प्रसाद दुबे को सदस्य बनाया गया है। वहीं सर्वेक्षण कार्य के लिए डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार पटेल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में सर्वेक्षण कार्य को जिले में औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत प्राचीन पांडुलिपियों, ऐतिहासिक दस्तावेजों और दुर्लभ ग्रंथों की पहचान और सूची तैयार की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जिनके पास प्राचीन पांडुलिपियां उपलब्ध हैं, वे सर्वेक्षण दल या नोडल अधिकारी को इसकी जानकारी दें। लोगों से यह भी कहा गया है कि मूल दस्तावेज अपने पास सुरक्षित रखते हुए केवल फोटोकॉपी उपलब्ध कराकर पंजीयन प्रक्रिया में सहयोग करें। इस पहल के माध्यम से जिले की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान परंपरा को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। इससे स्थानीय इतिहास और पारंपरिक ज्ञान को दस्तावेजीकृत करने में भी मदद मिलेगी। प्रशासन ने विश्वास जताया है कि इस सर्वेक्षण के माध्यम से कई दुर्लभ और महत्वपूर्ण पांडुलिपियां सामने आएंगी, जो जिले की ऐतिहासिक पहचान को और मजबूत करेंगी।
Next Story