छत्तीसगढ़

3 घंटे तक जाम रहा नेशनल हाइवे, वजह छोटा गजराज

Nil dhankar
16 Sept 2022 12:33 PM IST
3 घंटे तक जाम रहा नेशनल हाइवे, वजह छोटा गजराज
x

कोरबा. जिले के कटघोरा वनमंडल में गुरुवार शाम एक नन्हा हाथी सड़क पार करते हुए पुल के गड्ढे में फंस गया। उसे बचाने के लिए हाथियों का दल वहां जमा हो गया, जिसके कारण कटघोरा-चोटिया नेशनल हाईवे- 130 करीब 3 घंटे तक जाम रहा। बाद में वन विभाग की टीम ने नन्हें हाथी का सफल रेस्क्यू किया। मामला एतमा रेंज का है।

हाथियों के दल को देख वहां गांववालों की भीड़ जमा हो गई। मड़ई के पास NH- 130 पर 21 हाथियों का दल गुरुवार शाम 6 बजे सड़क पार कर रहा था। उसी दौरान एक शावक पास में ही बने पुल के गड्ढे में फंस गया। उसकी मां और अन्य हाथी उसे बचाने के लिए आए, लेकिन वो गड्ढे से नहीं निकल सका। गांववालों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया।

एतमा नगर रेंजर मनीष सिंह, DFO प्रेमलता यादव और रेंजर केंदई अभिषेक दुबे पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस समय इस एरिया में 21 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। फिलहाल हाथी के शावक को जेसीबी की मदद से बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि शावक की मां हर वक्त अपने बच्चे के आसपास ही रही, वहीं बाकी हाथी भी सड़क पर ही मंडराते रहे। इस वजह से ट्रैफिक को रोक दिया गया था और लोगों को हिदायत दी गई थी कि वे घटनास्थल के एकदम नजदीक न जाएं।

Next Story