छत्तीसगढ़

युवाओं को रोजगार से जोड़ने में कारगर पहल, नेशनल कैरियर सर्विस पोर्टल

Nil dhankar
30 March 2026 5:37 PM IST
युवाओं को रोजगार से जोड़ने में कारगर पहल, नेशनल कैरियर सर्विस पोर्टल
x

दंतेवाड़ा। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा संचालित नेशनल कैरियर सर्विस (NCS) पोर्टल आज के डिजिटल दौर में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में उभर रहा है। यह पोर्टल युवाओं को नौकरी, करियर परामर्श एवं कौशल विकास से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

इस पोर्टल के माध्यम से निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की नौकरियों की जानकारी, रोजगार मेलों की सूचना, व्यावसायिक मार्गदर्शन, स्किल कोर्स एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है। इच्छुक अभ्यर्थी मुफ्त पंजीकरण कर अपनी प्रोफाइल तैयार कर सकते हैं, जिसके आधार पर नियोक्ताओं द्वारा उपलब्ध कराई गई रिक्तियों से उनका मिलान किया जाता है। नेशनल कैरियर सर्विस पोर्टल पर करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध है, जहां मान्यता प्राप्त काउंसलर्स द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।

इसमें डिजिटल स्किल्स, रोजगार क्षमता बढ़ाने और स्व-रोजगार के विकल्पों पर विशेष फोकस किया जाता है। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार-योग्य बनाने के उद्देश्य से अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप, स्किल कोर्स एवं विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम भी पोर्टल पर उपलब्ध हैं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए बहुभाषी हेल्पलाइन नंबर 1514 (मंगलवार से रविवार, सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक) पर संपर्क किया जा सकता है। विशेष रूप से दंतेवाड़ा जिले के युवाओं के लिए यह पोर्टल राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी प्राप्त करने का एक सशक्त माध्यम साबित हो सकता है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थीhttps://www.ncs.gov.in/का अवलोकन कर सकते हैं अथवा जिला रोजगार कार्यालय एवं नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में संपर्क कर सकते हैं।

Next Story