छत्तीसगढ़
महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी, 24 घंटे में सुलझी आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
5 Sept 2026 5:39 PM IST

x
छग
Jashpur. जशपुर। आस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम हर्री में 55 वर्षीय महिला धनमनी बाई की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे मृतका की बेटी से आरोपी का कथित एकतरफा प्यार वजह बना। बेटी को परेशान करने से मना करने पर आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखे टांगिया से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी सहायता से उसका पता लगाकर रायडीह, झारखंड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवधेश राम उर्फ गुटका उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम कोमडो के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगिया भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना आस्ता में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। घटना को लेकर मृतका के 63 वर्षीय पति ने 4 सितंबर को आस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 3 सितंबर को करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद वे मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर चले गए थे। उस समय उनकी पत्नी धनमनी बाई घर में अकेली थी।
शाम करीब 6 बजे मवेशियों को चराकर घर लौटने के बाद उन्होंने पशुओं को गोठान में बंद किया और घर के अंदर पहुंचे। वहां पत्नी धनमनी बाई जमीन पर पड़ी मिली। उसके चेहरे के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट थी और खून निकला हुआ था। पति ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। घटनास्थल के पास एक टांगिया भी पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस तक मामला पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुराने विवाद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया और मौके का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने मृतका के परिजनों और आसपास के गवाहों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अवधेश राम कुछ दिन पहले भी मृतका के घर आया था और उसका महिला से विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस का संदेह अवधेश पर गया। पुलिस टीम उसके ग्राम कोमडो स्थित घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। तकनीकी टीम की मदद से संदिग्ध की लोकेशन और गतिविधियों को ट्रेस किया गया। इसी दौरान उसके रायडीह, झारखंड में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंची और अवधेश राम को हिरासत में लेकर जशपुर लाई।
एकतरफा प्यार को लेकर था नाराज
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह धनमनी बाई की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। बेटी द्वारा उससे बातचीत नहीं करने के कारण वह नाराज था। इसी दौरान वह धनमनी बाई के घर पहुंचा, जहां महिला अकेली थी। पुलिस के मुताबिक, धनमनी बाई ने आरोपी को अपनी बेटी से बातचीत करने और उसे परेशान करने से मना किया। इसी बात पर आरोपी आवेश में आ गया और घर में रखे टांगिया से महिला के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने अवधेश राम को विधिवत गिरफ्तार कर 5 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की विवेचना जारी है।
Next Story





