छत्तीसगढ़ में आए दिन हो रही हत्या बलात्कार और लूटपाट, भूपेश का दावा

बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और RSS पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, जबकि आज आरएसएस के लोग राम मंदिर को लूट रहे हैं।
बिलासपुर में भूपेश बघेल ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल, बिजली के दाम में बढ़ोतरी और किसानों के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि खाद के लिए किसानों को भटकना पड़ रहा है। बिजली महंगी कर सरकार जनता पर बोझ डाल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि खाद की उपलब्धता को लेकर सरकार के पास स्पष्ट जानकारी नहीं है। नकली खाद और मौसम की मार से किसान परेशान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कका अभी जिंदा है और कका का तेवर भी बरकरार है, लेकिन कांग्रेस आने वाले समय में सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। हत्या, लूट और रेप जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि जेल के अंदर दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और रेत माफिया खुलेआम हिंसा कर रहे हैं।
आए दिन हत्या, बलात्कार, लूटपाट.
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) June 23, 2026
ना आम जनता सुरक्षित है, न व्यापारी सुरक्षित हैं.
यहाँ तक कि बिलासपुर के जेल में बंद कैदी भी सुरक्षित नहीं हैं.
आज अपराधियों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि दिन-दहाड़े रेत माफिया अपने प्रतिद्वंद्वी को जिंदा जला रहे हैं. pic.twitter.com/jqFo6RC26x





