
x
छत्तीसगढ
छत्तीसगढ़: जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां खाना देने की बात पर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी ने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी से मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंची बहन को भी उसने नहीं छोड़ा और उसकी भी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल मां ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली की है। पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा था। घर आते ही उसने खाना मांगा। इस पर मां वेनेदिक्ता कुजूर ने दिन का खाना रखा होने की बात कहते हुए उसे निकालकर खाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
गुस्से में आरोपी ने चूल्हे के पास रखी अधजली लकड़ी उठा ली और मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मां को बचाने पहुंची बहन को भी उसने डंडे से पीटा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला को बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां 8 नवंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पति सुरेंद्र मिंज की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रोशन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने हमले की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजली लकड़ी भी जब्त की गई। आरोपी बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Next Story





