छत्तीसगढ़
दूध देने जा रहे बुजुर्ग की हत्या का पर्दाफाश, रायपुर से महासमुंद की ओर भाग रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
jantaserishta.com
20 Aug 2026 1:59 PM IST

x
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता.
CG NEWS: जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं जघन्य वारदातों के त्वरित निराकरण हेतु पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्परता एवं उत्कृष्ट तकनीकी समन्वय का परिचय देते हुए अंधी हत्या के संवेदनशील मामले को सुलझा लिया है।
मंगलवार की शाम पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मुडियाडीह-खैंदा मेनरोड पर 65 वर्षीय वृद्ध केजराम ध्रुव (पिता ढेल सिंह ध्रुव, निवासी ग्राम मुडियाडीह) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस बल एवं फॉरेंसिक (FSL) टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल तथा शव का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में परिजनों ने बताया कि मृतक शाम लगभग 05:00 बजे अपने घर से ग्राम खैंदा दूध देने के लिए निकले थे। प्रथम दृष्टया वृद्ध के शरीर पर धारदार हथियार से गहरे चोट के निशान पाए गए। मृतक के पुत्र लकेश्वर ध्रुव की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 697/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
साइबर सेल व पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई एवं सर्विलांस
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने हेतु थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास के मार्गों का गहन तकनीकी विश्लेषण प्रारंभ किया। साइबर सेल की टीम ने उत्कृष्ट दक्षता, प्रभावी आपसी समन्वय एवं लोकेशन ट्रैकिंग का प्रयोग करते हुए पाया कि घटना के बाद से फरार चल रहा एक विधि से संघर्षरत बालक, बलौदाबाजार से रायपुर पहुंचा और वहां से बस के माध्यम से महासमुंद की ओर भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी बालक का पीछा कर उसे महासमुंद क्षेत्र पर सफलता पूर्वक हिरासत में ले लिया।
पूछताछ एवं हत्या का कारण
हिरासत में लिए गए विधि से संघर्षरत बालक से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना के समय बालक मेनरोड पर बैठा था। जब वृद्ध केजराम ध्रुव वहां से दूध बेचने के लिए गुजर रहे थे, तब बालक ने उन्हें रोककर रुपयों की मांग की। वृद्ध द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी बालक आक्रोशित हो गया और अपने पास रखी गुप्ती (धारदार हथियार) से वृद्ध के शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वृद्ध की कुछ देर बाद मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था।
वैधानिक कार्रवाई
प्रकरण में आज विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना एवं वैधानिक कार्यवाही जारी है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





