
राजनांदगांव। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के नक्सलग्रस्त भामरागढ़ डिवीजन में एक शादी समारोह में शामिल होने गए एक बुजुर्ग के अपहरण के बाद कथित तौर पर नक्सलियों ने हत्या कर दी। एसपी नीलोत्पल ने कहा कि प्रथम दृष्टया नक्सल हत्या का मामला दिख रहा है, लेकिन पर्चे और पोस्टर नहीं मिलने पर शक भी है। पुलिस जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक भामरागढ़ डिवीजन के जुवी गांव के रहने वाले 60 साल के पुसु गिबा पुगांती अपने गांव के नजदीक दरबा में आयोजित एक शादी समारोह में गया हुआ था। वह अपने गांव से 23 मार्च से विवाह में शामिल होने गया हुआ था। बीती रात को नक्सलियों ने उसे अपहृत कर लिया और रविवार 30 मार्च सुबह को उसका शव जुवी गांव के बाहर मिला। पुलिस के मुताबिक उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि मौके से कोई नक्सली पर्चा या पोस्टर नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस गैर नक्सल हत्या के आधार पर भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मुखबिरी के शक पर बुजुर्ग को मारा गया है। छत्तीसगढ़ सीमा पर पुलिस लगातार राहत केंद्र स्थापित कर रही है। जिसके चलते नक्सली और पुलिस में व्यापक जंग छिड़ी हुई है। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।





