छत्तीसगढ़

सुहेला मेला स्थल पर हत्या का खुलासा, 2 अपचारी बालक सहित 7 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
1 Oct 2025 7:19 PM IST
सुहेला मेला स्थल पर हत्या का खुलासा, 2 अपचारी बालक सहित 7 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। जिले के सुहेला मेला स्थल के पास हुई गोपाल साहू हत्या कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो अपचारी बालकों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हत्या मामूली झगड़े और पीछा करने की घटना के बाद सुनसान जगह पर चाकू मारकर की गई थी। पुलिस ने घटना की गुत्थी मनोवैज्ञानिक पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुलझाई।
हत्या की सूचना और प्रारंभिक जांच
पुलिस को 28 सितंबर की सुबह सूचना मिली थी कि ग्राम सुहेला के एक मैदान में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान गोपाल साहू पिता नैनसिंह साहू, निवासी ग्राम मुड़पार थाना हथबंद के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि अज्ञात व्यक्तियों ने हथियार से उसकी हत्या की है। इस पर थाना सुहेला में अपराध क्रमांक 249/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस की जांच और साक्ष्य जुटाना
हत्या के इस सनसनीखेज मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। टीम ने मेला स्थल और आसपास घूमने वाले संदिग्ध युवाओं के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान यह पता चला कि कुछ युवक मेला स्थल पर रातभर झगड़ा और बहसबाजी कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर मिले साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और 100 से ज्यादा गवाहों से पूछताछ की। इसके आधार पर 2 अपचारी बालकों सहित 7 संदेही आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
सभी आरोपियों से अलग-अलग और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने गोपाल साहू की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे सभी मेला देखने आए थे। इसी दौरान उन्होंने मेला में मौजूद एक अन्य व्यक्ति के साथ झगड़ा किया और फिर शांति देवी स्कूल के पीछे मैदान की ओर भाग गए।
पीछा करने पर की हत्या
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक गोपाल साहू ने इन आरोपियों का पीछा किया और सुनसान जगह तक पहुंच गया। आरोपियों को लगा कि वह उनकी शिकायत कर सकता है, इस पर सभी ने मिलकर गोपाल साहू को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद पास में मौजूद चाकू से गोपाल साहू पर प्राणघातक वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें शामिल हैं –
लक्ष्य ठाकुर उर्फ लक्की (19 वर्ष)
ठाकुर पाल (20 वर्ष)
समीर वर्मा (18 वर्ष)
रोशन यादव (23 वर्ष)
निखिल ध्रुव (19 वर्ष)
दो अपचारी बालक (नाम उजागर नहीं किए गए)
सभी आरोपियों को हत्या के अपराध में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस घटना के खुलासे में पुलिस टीम की सतर्कता और सूझबूझ अहम रही। ग्रामीणों और गवाहों से गहन पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य के उपयोग और सीसीटीवी की मदद से महज कुछ ही दिनों में हत्या का राज खुल गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में शामिल युवाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Next Story