छत्तीसगढ़

नगर पालिका अध्यक्ष चर्चा में, वार्डवासियों की परेशानी सुनकर निकले कचरा वाहन लेकर

Nil dhankar
28 Nov 2021 5:20 PM IST
नगर पालिका अध्यक्ष चर्चा में, वार्डवासियों की परेशानी सुनकर निकले कचरा वाहन लेकर
x

बीजापुर। नगर पालिका क्षेत्र के कुछ वार्डों में पिछले कुछ दिनों से कचरा गाड़ी नहीं पहुंच पा रही थी, जिसे लेकर वार्डवासी काफी परेशानी में थे। इसकी खबर लगते ही नगर पालिका अध्यक्ष ने खुद कचरा गाड़ी चलाकर नगर के उन वार्डों में पहुंचकर कचरा डलवाया और वार्डवासियों की समस्याओं से अवगत हुए। रविवार की सुबह नगर पालिका अध्यक्ष बेनहुर रावतिया ने नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2 श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड, वार्ड क्रमांक 4 महात्मा गांधी वार्ड, वार्ड क्रमांक 6 इंदिरा गांधी वार्ड, वार्ड क्रमांक 9 राजेन्द्र प्रसाद वार्ड व वार्ड क्रमांक 13 प्रवीर चंद वार्ड में स्वयं कचरा गाड़ी लेकर पहुंचे और घर-घर जाकर कचरा डलवाया।

इस दौरान वार्डवासियों ने बताया कि सड़क के बीच मे रेत गिट्टी डाल देने से वार्डों में कचरा गाड़ी नहीं आ पा रही थी, जिससे कुछ दिनों से वार्डवासियों को घर पर ही कचरा जमा करना पड़ रहा था। इस बात की खबर जब नपा अध्यक्ष बेनहुर रावतिया को लगी तो उन्होंने रविवार की सुबह खुद कचरा गाड़ी लेकर वार्डों में गये और कचरा गाड़ी में डलवाया। इस काम के लिए लोगों ने उनकी सराहना की।


Next Story