
- 15 निकायों में 600 टेबल पर हो रही काउन्टिंग
- जनता से रिश्ता के पूर्वानुमान के अनुसार कांग्रेस सभी जगह बढ़त बनाए हुए है
जसेरि रिपोर्टर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शहरी सरकारों के गठन के लिए जनादेश का समय आ गया है। गुरुवार को प्रदेश के 29 शहरों में सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। करीब 2 हजार कर्मचारी 600 मेजों पर वोटों की गिनती करेंगे। इसी गिनती से उन एक हजार 393 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जो 385 सीटों पर कब्जे के लिए कई महीनों से जनता से वोट मांग रहे थे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया, सभी जिलों में मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके लिए 29 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सभी जिलों को मतगणना स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन, निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है, मतगणना के लिए 2 हजार कर्मचारी और 1500 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग ने बताया, इस चुनाव में 4 लाख 88 हजार 425 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। जिसमें से 2 लाख 48 हजार 41 पुरुष, 2 लाख 40 हजार 369 महिला और 15 तृतीय लिंग समुदाय के लोग शामिल थे। आम चुनाव वाले 15 नगरीय निकायों में 60.60त्न मतदान हुआ है। वहीं उप निर्वाचन का मतदान 64.85त्न रहा। बिरगांव, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगमों सहित 15 शहरों के 370 वार्डों में आम चुनाव हुआ था। यहां से 1345 उम्मीदवार पार्षद पद की दावेदारी कर रहे हैं। 14 शहरों के 15 वार्डों में चुनाव हुआ, जहां से 48 उम्मीदवार चुनावी मैदान मे थे।
दोपहर बाद तक आने लगेंगे नतीजे : निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने बताया, मतगणना का काम सुबह 9 बजे से शुरू होगा। प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों के सामने स्ट्रांग रूम और मतपेटियों को खोला जाएगा। उसके बाद मतपत्रों का बंडल बनाया जाएगा। इस प्रक्रिया में एक घंटा समय लग सकता हैं। उसके बाद वास्तविक मतगणना शुरू होगी। मतगणना कई चरणों में होगी। उम्मीद जताई जा रही है दोपहर बाद तक नतीजे आने शुरू हो जाएंगे।
नगर निगमों में यहां होगी मतगणना : बिरगांव नगर निगम की मतगणना आड़वाणी स्कूल में होगी। भिलाई नगर निगम के लिए कल्याण महाविद्यालय सेक्टर-7 को मतगणना स्थल बनाया गया है। नगर निगम रिसाली की गणना उच्चतर माध्यमिक स्कूल टंकी मरौदा में होगी, वहीं भिलाई-चरौदा नगर निगम की मतगणना शासकीय खूबचंद बघेल महाविद्यालय भिलाई-3 में तय है। उपचुनाव वाले निगमों में बिलासपुर के बृजेश हायर सेकंडरी स्कूल, रायगढ़ में पॉलिटेक्निक कॉलेज और राजनांदगांव के पटवारी प्रशिक्षण स्कूल में मतगणना होनी है।
बीरगांव में गहमा-गहमी: सभी नतीजे शाम चार बजे तक : बीरगांव नगर निगम में किसकी सरकार होगी यह दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने जहां बीरगांव की सत्ता में वापसी के लिए अपने बड़े नेताओं को मैदान में प्रचार के लिए उतारा था, वहीं कांग्रेस ने भी सीएम की सभा कराकर पूरा दमखम दिखाया। इस निगम में दोनों ही पार्टियां अपनी जीत के दावे कर रही है। वहीं, जोगी कांग्रेस भी मजबूती के साथ जीत कर आने का दावा कर रही है।
सबसे पहले वार्ड 3 और आखिरी में आएंगे 29-30 के परिणाम : बिरगांव निगम के 40 वार्डों के वोटों की गिनती आडवाणी ऑर्लिकॉन स्कूल में सुबह 9 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले वार्ड 3 का नतीजा आएगा और मतदान केंद्र ज्यादा होने की वजह से आखिर में वार्ड 29 और 30 के नतीजे आएंगे। निगम मतदान के बाद वोटों की गिनती के लिए 40 टेबल लगाए गए हैं। स्कूल के 12 कमरों में एक साथ वोटों की गिनती होगी। हर वार्ड के लिए एक टेबल लगाया गया है। इसमें एक सुपरवाइजर और दो गणना सहायक रहेंगे। 120 अधिकारी-कर्मचारी मतगणना का काम करेंगे। इनके अलावा रिजर्व में 10 फीसदी अधिकारी और कर्मचारियों को तैयार रखा गया है। वार्ड 3 में एक ही मतदान केंद्र होने की वजह से वहां का नतीजा सबसे पहले आएगा। वार्ड 29 और 30 में सबसे ज्यादा 4-4 मतदान केंद्र होने की वजह से नतीजे आखिर में आएंगे। सुबह सबसे पहले स्ट्रांग रूम से मतपेटियां निकालने के बाद मत पत्रों की संख्या से मिलान किया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवारों के नाम के अनुसार शॉर्ट लिस्ट किया जाएगा। 50-50 वोटों के बंडल बनाए जाएंगे।
खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव: 850 ईवीएम की एफएलसी हुई
खैरागढ़ विधानसभा के उप चुनाव को लेकर दलों के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। राज्य शासन द्वारा मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय मेें एडीशनल सीईओ के पद पर आईएएस शिखा राजपूत तिवारी की नियुक्ति को उसी सिलसिले में माना जा रहा है।
कांग्रेस के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के कारण खाली हुई इस सीट पर ईवीएम से चुनाव होगा। सीट रिक्त होने की सूचना विधानसभा सचिवालय ने निर्वाचन आयोग को भेज दी है। इलेक्ट्रॉनिक कार्पोरेशन आफ इंडिया के इंजीनियर्स ने 850 ईवीएम की एफएलसी (फस्र्ट लेवल चेकिंग) कर उन्हें डीआरओ की सुरक्षा में सील बंद कर दिया है। इनमें वीवीपैट, बैलेट यूनिट मशिन भी शामिल है। ये ईवीएम नवंबर-18 में हुए विस चुनाव के बाद से बंद थे। बता दें कि आयोग यूपी विधानसभा चुनाव के साथ ही खैरागढ़ में उप चुनाव कराएगा। इस सीट पर भाजपा और सत्ताधारी कांग्रेस के साथ ही जोगी कांग्रेस की भी निगाह है। भाजपा और कांग्रेस जहां इस सीट को अपने पाले में करने के लिए जोर लगाएंगी वहीं, जोगी कांग्रेस हर हाल में यहां अपना वर्चस्व बरकरार रखने के लिए ताकत झोंकेगी।
बीजेपी- कांग्रेस के साथ जोगी कांग्रेस भी सक्रिय : इस सीट पर कब्जा जमाने के लिए कांग्रेस के साथ प्रमुख विपक्षी दल भाजपा सक्रिय हो गई। कुछ दिनों पहले ही जोगी कांग्रेस के लगभग 200 से अिधक कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई थी। यहां जोगी कांग्रेस अपनी सीट बचाने के लिए सक्रिय हो गई है।
4 मार्च से पहले उप चुनाव अनिवार्य : खैरागढ़ विधानसभा के लिए 6 महीने के भीतर उपचुनाव कराना होगा। इसके अनुसार 4 मार्च से पहले यहां नया विधायक चुन लिया जाना है। खैरागढ़ उप चुनाव नए वोटर लिस्ट से होगा। 31 जनवरी को नई मतदाता सूची का प्रकाशन हो जाएगा। नए मतदाता व छूटे हुए मतदाताओं के लिए जिले में नाम जुड़वाने का अंतिम अवसर है। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार ही चुनाव होंगे। इसे देखते हुए भाजपा और कांग्रेस के नेता नई मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और कटवाने की जोड़ तोड़ में लग गए हैं। 2018 में हुए चुनाव के दौरान यहां 180440 वोटर थे।
