छत्तीसगढ़

दिसंबर के अंतिम अथवा जनवरी के पहले सप्ताह में हो सकते हैं निकाय चुनाव

Nil dhankar
21 Nov 2021 11:51 AM IST
दिसंबर के अंतिम अथवा जनवरी के पहले सप्ताह में हो सकते हैं निकाय चुनाव
x
  1. कैबिनेट मीटिंग के बाद राज्य निर्वाचन आयोग कर सकता है ऐलान

रायपुर (जसेरि)। छत्तीसगढ़ के भिलाई, चरोदा, रिसाली, जामुल और बीरगांव सहित 15 नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव की हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने तो पहले ही अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। वहीं कांग्रेस और भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दल भी तैयारी में जुट गए है। बताया जा रहा है कि 22 को होने वाली कैबिनेट बैठक के बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव के तारीखो का ऐलान कर सकता है। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के अंतिम या फिर जनवरी के पहले सप्ताह में इन निकायों में चुनाव के लिए मतदान कराए जाएंगे। इनमें से कई निकायों में आज सीएम की करोड़ के विकास कार्यों की शुरूआत करने वाले हैं। वहीं तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए निर्वाचन आयोग लगातार इन निकाय वाले जिलों के निवार्चन अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। 12 और 17 नवंबर को हुई बैठक के बाद बस्तर के पांच जिलों के कलेक्टरों के साथ निर्वाचन आयुक्त 23 नवंबर को भी बैठक करने वाले हैं।

भाजपा-कांग्रेस का बूथ स्तर पर फोकस

प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने तो अपनी तैयारी तेज कर दी है। अपने प्रकोष्ठों का विस्तार कर दिया है और पदाधिकारियों की भी घोषणा हो गई है। इस लिए इसे चुनावी तैयारियों का ही हिस्सा माना जा रहा है। हालाकि भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि हमारे संगठन में तो विस्तार होता रहता है। निकाय चुनाव को लेकर हमारी पूरी तैयारी है। पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी की भी संगठन स्तर पर तैयारी पूरी है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के तहत पार्टी का फोकस हर बूथ को मजबूत करने पर है।

प्रमुख मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के बीच होना तय

जिले में आगामी चार निकायों में चुनाव होने है। और अभी वर्तमान में कांग्रेस-भाजपा में ही सीधा मुकाबला होता दिख रहा है। तीसरी ताकत का दावा करने वाली जोगी कांग्रेस के लगातार टूटने की वजह से कमजोर पड़ती जा रही है। हाल ही में पार्टी के दुर्ग ग्रामीण के सारे पदाधिकारी व कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। वही अगर आप पार्टी की बात करें तो यहां पर अभी तक संगठन खड़ा नहीं हो पाया है। इन सब राजनीतिक समीकरणों देखते हुए, यह कहा जा सकता है कि अगर चुनाव के समय राजनीतिक दलों के टिकट बटवारे में किसी नेता की उपेक्षा होती है तो उसका सीधा लाभ निर्दलीय उम्मीदवार को हो सकता है।

यहां होने हैं चुनाव

जिला निकायों के नाम -

  • रायपुर नगर पालिका निगम बिरगांव
  • दुर्ग नगर पालिक निगम भिलाई
  • नगर पालिक निगम रिसाली
  • नगर पालिक निगम जामुल
  • नगर पालिक निगम चरोदा
  • राजनांदगांव नगर पालिका परिषद खैरागढ़
  • बीजापुर नगर पंचायत भैरमगढ़
  • नगर पंचायत भोपालपट्टनम
  • कांकेर नगर पंचायत नरहरपुर
  • बेमेतरा नगर पंचायत मारो
  • कोरिया नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर
  • नगर पालिका परिषद् शिवपुर चरचा
  • सूरजपुर नगर पंचायत प्रेमनगर
  • सुकमा नगर पंचायत कोटा
  • रायगढ़ नगर पालिका सारंगढ़।
Next Story