छत्तीसगढ़
नगर निगम की सख्ती, बकाया नहीं चुकाया तो 3 दुकानें की सील
Shantanu Roy
29 Sept 2026 8:23 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। नगर निगम जोन 1 के राजस्व विभाग ने बकाया राजस्व वसूली अभियान के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए तीन बकायादारों के व्यवसायिक परिसरों को सील कर दिया। निगम की ओर से डिमांड बिल और डिमांड नोटिस जारी किए जाने के बावजूद राशि जमा नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई। वहीं एक अन्य बकायादार ने सीलिंग की कार्रवाई के दौरान ही मौके पर आंशिक भुगतान कर दिया। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश पर यह अभियान चलाया गया। अपर आयुक्त राजस्व लोकेश्वर साहू, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन 1 कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम ने जोन 1 क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कार्रवाई की।
राजस्व विभाग के मुताबिक यतियतन लाल वार्ड क्रमांक 4 क्षेत्र में शांति बाई मलधानी पर 62 हजार 300 रुपये की राशि बकाया थी। कई बार मांग किए जाने के बावजूद बकाया जमा नहीं किए जाने पर उनके संबंधित व्यवसायिक परिसर को ताला लगाकर सील कर दिया गया। इसी तरह वार्ड क्रमांक 4 में ही महेश कुमार लालवानी पर 72 हजार 876 रुपये का बकाया था। निगम की ओर से डिमांड बिल और नोटिस जारी किए जाने के बाद भी राशि जमा नहीं होने पर उनके व्यवसायिक परिसर को भी सीलबंद कर दिया गया।
नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड क्रमांक 15 क्षेत्र में ममता जैन और मानकचंद जैन पर 1 लाख 47 हजार 257 रुपये की राशि बकाया थी। निगम अधिकारियों ने भुगतान के लिए पूर्व में सूचना और नोटिस जारी किया था, लेकिन निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं हुई। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यवसायिक परिसर को सील कर दिया। इसके अलावा बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 18 क्षेत्र में सुरेश कुमार पर 71 हजार 330 रुपये की बकाया राशि थी। निगम की टीम उनके व्यवसायिक परिसर में सीलिंग की कार्रवाई करने पहुंची। इस दौरान बकायादार ने तत्काल 37 हजार 634 रुपये का पार्ट पेमेंट निगम की राजस्व टीम को जमा कर दिया।
नगर निगम की ओर से बताया गया कि बकाया राजस्व वसूली के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिन करदाताओं और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर निगम का राजस्व बकाया है, उन्हें निर्धारित समय पर राशि जमा करने के लिए नोटिस दिया जा रहा है। इसके बावजूद भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सीलिंग सहित अन्य कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया राजस्व वसूली अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। जोन 1 राजस्व विभाग की इस कार्रवाई के बाद बकायादारों में हलचल देखी गई। निगम का कहना है कि शहर में राजस्व वसूली व्यवस्था को मजबूत बनाने और लंबे समय से लंबित बकाया राशि की वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।
Next Story





