छत्तीसगढ़

सिंगल यूज प्लास्टिक पर नगर निगम की कार्रवाई, 11 दुकानदारों से 13 किलो सामग्री जब्त

Shantanu Roy
1 Oct 2026 5:29 PM IST
सिंगल यूज प्लास्टिक पर नगर निगम की कार्रवाई, 11 दुकानदारों से 13 किलो सामग्री जब्त
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम के स्वच्छता अमले ने व्यापार विहार और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग और भंडारण करते पाए जाने पर 11 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने अलग-अलग दुकानों से कुल 13 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की और संबंधित दुकानदारों पर कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर निगम की टीम ने व्यापार विहार और पुराना बस स्टैंड की दुकानों में पहुंचकर जांच की। इस दौरान कई दुकानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री रखी हुई मिली। निगम अमले ने सामग्री को जब्त करते हुए दुकानदारों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी। नगर निगम की कार्रवाई में पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के सतीश जायसवाल, जितेंद्र छाबड़ा और मिली छाबड़ा के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं व्यापार विहार क्षेत्र में सूरज, बलराम, दिनेश, महेश, सौरभ मिश्रा, नरेश मंगवानी, ललित और प्रतीक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
निगम प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, बिक्री या भंडारण करते पाए जाने पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में दोबारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का विक्रय या उपयोग करते पाया गया तो भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और जनस्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक है। इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कपड़े, जूट और अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए केवल नगर निगम की कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसमें व्यापारियों और नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के अलग-अलग बाजारों, दुकानों और व्यावसायिक क्षेत्रों में लगातार जांच की जाएगी। जिन स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग या भंडारण मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
निगम अधिकारियों का कहना है कि प्लास्टिक कचरा नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी का बड़ा कारण बनता है। इसके अलावा इसके निस्तारण में भी परेशानी होती है। इसी कारण सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोकने के लिए लगातार जागरूकता और कार्रवाई दोनों की जा रही है। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करें और प्रतिबंधित प्लास्टिक लेने से बचें। निगम प्रशासन ने कहा कि स्वच्छता अभियान में नागरिकों की भागीदारी से ही शहर को प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है। फिलहाल नगर निगम ने 11 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया है। निगम ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story