छत्तीसगढ़

मुंगेली एसपी ने 110 परिवारों को लौटाए गुम हुए मोबाइल

Nilmani Pal
31 Dec 2025 4:09 PM IST
मुंगेली एसपी ने 110 परिवारों को लौटाए गुम हुए मोबाइल
x

मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में जिला पुलिस ने 'गुम मोबाइल खोज अभियान' के तहत एक बड़ी सफलता अर्जित की है। वर्ष के अंतिम दिन, मुंगेली पुलिस ने विभिन्न स्थानों से रिकवर किए गए 110 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग 16,50,000/- रुपये) उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपकर उन्हें नववर्ष की अनूठी सौगात दी है।

CEIR पोर्टल और तकनीकी दक्षता का संगम

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुम मोबाइल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और थानों की एक संयुक्त टीम गठित की गई थी। इस टीम ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस किया। कड़ी मशक्कत के बाद, टीम ने न केवल मुंगेली जिले बल्कि अन्य जिलों और राज्यों से भी इन मोबाइलों को रिकवर करने में सफलता प्राप्त की।

साइबर सेल की सराहनीय भूमिका

इस पूरी रिकवरी प्रक्रिया में साइबर सेल प्रभारी और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। टीम ने आईएमईआई (IMEI) ट्रैकिंग और सर्विलांस के माध्यम से इन मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की। एसपी पटेल ने टीम की इस सफलता पर पूरी साइबर यूनिट की पीठ थपथपाई और उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की।

खुशियों की वापसी

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान, एसपी श्री पटेल ने स्वयं मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर आवेदकों के चेहरे खिल उठे। कई नागरिकों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन वापस मिलेगा, उन्होंने मुंगेली पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए एसपी भोजराम पटेल का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Next Story
null