छत्तीसगढ़

चेन्नई से 2 लाख 35 हजार की ठगी में शामिल म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार

Shantanu Roy
17 Oct 2025 10:00 PM IST
चेन्नई से 2 लाख 35 हजार की ठगी में शामिल म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार
x
छग
Jashpur. जशपुर। जिले की आरा पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चेन्नई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ‘म्यूल अकाउंट’ का इस्तेमाल कर 2 लाख 35 हजार रुपए की धोखाधड़ी में भूमिका निभाई थी। आरोपी ने अपना बैंक खाता किराए पर देकर इस योजना को अंजाम दिया। मामला आरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम टुकुटोली निवासी 50 वर्षीय राजू साय ने 12 जुलाई 2024 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से वॉट्सऐप मैसेज मिला, जिसमें पीएम किसान निधि योजना के भुगतान चालू होने का झांसा देकर एक ऐप लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा गया।

राजू साय जैसे ही लिंक पर क्लिक किए, उनके बैंक खाते से कुछ ही मिनटों में कुल 2 लाख 35 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हो गए। ठगों ने योजनाबद्ध तरीके से ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 318, 318(4) और 120(B) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया गया, जिसमें खुलासा हुआ कि रकम असम राज्य के तीन अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई। इन खातों में 85 हजार रुपए, 1 लाख रुपए और 50 हजार रुपए जहुरुल इस्लाम नामक व्यक्ति के एक्सिस बैंक खाते में जमा किए गए थे। जांच में यह भी पता चला कि राशि झारखंड के धनबाद से एटीएम के माध्यम से निकाली गई।

एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि म्यूल अकाउंट जाल में कई अन्य संदिग्ध भी शामिल हैं। तकनीकी टीम की मदद से पता चला कि जहुरुल इस्लाम असम का रहने वाला है और वर्तमान में चेन्नई में रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम चेन्नई रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर जशपुर लाया गया। पूछताछ में 23 वर्षीय जहुरुल इस्लाम ने स्वीकार किया कि उसने 2024 में एक्सिस बैंक में खाता खुलवाया और बाद में पासबुक, एटीएम कार्ड व चेक बुक अपने पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति को दे दी, जिसने खाते का इस्तेमाल ठगी के लिए किया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अन्य संदिग्धों की पहचान भी कर ली है। आरोपी के अपराध स्वीकार करने और ठोस सबूत मिलने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। साथ ही पुलिस ने उसके मोबाइल और बैंक खाते से जुड़ा सिम कार्ड जब्त किया। SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरा पुलिस चौकी क्षेत्र के एक व्यक्ति से संदिग्ध ऐप लिंक के माध्यम से 2 लाख 35 हजार रुपए से अधिक की ठगी की गई। जांच में यह पता चला कि रकम आरोपी जहुरुल इस्लाम के खाते में ट्रांसफर हुई थी। पुलिस ने आरोपी को चेन्नई से गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे म्यूल अकाउंट किराए पर देने वाले लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके अलावा मामले के अन्य फरार आरोपियों की भी तलाश जारी है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस गिरफ्तारी से ऑनलाइन ठगी और म्यूल अकाउंट जाल के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक या एप के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने से बचें और तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। जशपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को जिले में साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के दिशा में एक अहम कदम बताया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीम और स्थानीय पुलिस की सतर्कता से इस तरह के मामलों का पर्दाफाश किया जा रहा है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
Next Story