छत्तीसगढ़

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्तिरस में डूबा सांसद बृजमोहन अग्रवाल का परिवार

Shantanu Roy
4 Sept 2026 8:35 PM IST
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्तिरस में डूबा सांसद बृजमोहन अग्रवाल का परिवार
x
छग
Raipur. रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के परिवार ने भक्तिभाव और उत्साह के साथ जन्मोत्सव मनाया। मौलश्री विहार स्थित ‘श्री राम जी वाटिका’ में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए। जन्माष्टमी उत्सव के दौरान परिवार के नन्हे-मुन्नों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने उत्साह के साथ मटकी फोड़ कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में पारंपरिक भजनों और पूजा-अर्चना के साथ भगवान लड्डू गोपाल का स्वागत किया गया। पूरे आयोजन के दौरान माहौल भक्तिमय बना रहा और परिवार के सदस्यों व शुभचिंतकों ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख-शांति की कामना की। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हुए कहा कि मुरलीधर की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो।

सांसद ने कामना की कि छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे और प्रदेश के हर परिवार में खुशहाली बनी रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस पारिवारिक उत्सव में धार्मिक परंपराओं के साथ बच्चों और परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राधा-कृष्ण की झांकी और मटकी फोड़ कार्यक्रम ने आयोजन को खास बना दिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस दिन श्रद्धालु उपवास रखते हैं, पूजा-अर्चना करते हैं और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हैं। रायपुर में भी जन्माष्टमी को लेकर विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में विशेष सजावट और पूजा-अर्चना की गई। वहीं लोगों ने अपने घरों में भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।
Next Story