छत्तीसगढ़

रायपुर के छठ घाटों पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिया अर्घ्य...

SHIDDHANT
15 Nov 2026 10:37 PM IST
रायपुर के छठ घाटों पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिया अर्घ्य...
x
छत्तीसगढ़
रायपुर। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छठ महापर्व के अवसर पर रायपुर के विभिन्न घाटों पर आयोजित छठ महोत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने भैया तालाब, खो-खो तालाब, महादेव घाट और हल्का तालाब पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

अग्रवाल ने छठ को लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व जीवन की महत्वपूर्ण सीख देता है कि हमें केवल उगते सूर्य को ही नहीं, बल्कि डूबते सूर्य को भी प्रणाम करना चाहिए। जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और हर परिस्थिति में समभाव तथा प्रसन्नता बनाए रखना हमारी संस्कृति का हिस्सा है।
सांसद ने कहा कि छठ महापर्व का विस्तार बिहार और उत्तर प्रदेश से आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों तक हुआ है। उन्होंने इसे गौरव का विषय बताते हुए कहा कि लोग पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ इस पर्व को मना रहे हैं। विभिन्न घाटों पर पहुंचने के दौरान अग्रवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की। आयोजन समितियों के सदस्यों को भी छठ की बधाई देते हुए उन्होंने महापर्व के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। बृजमोहन अग्रवाल ने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने छठ के संदेश को जीवन की हर परिस्थिति में संतुलित दृष्टिकोण बनाए रखने से जोड़ा।
Next Story