छत्तीसगढ़

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने परिवार संग गणपति बप्पा को दी विदाई

Shantanu Roy
24 Sept 2026 9:02 PM IST
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने परिवार संग गणपति बप्पा को दी विदाई
x
छग
Raipur. रायपुर। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गणेशोत्सव के अवसर पर अपने निवास और रामसागर पारा स्थित प्रतिष्ठान में विराजमान भगवान श्री गणेश को परिवार एवं स्नेहीजनों के साथ भावपूर्ण विदाई दी। गणेश विसर्जन से पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती की गई। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की प्रार्थना की।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गणपति बप्पा को विदाई देते हुए कहा, “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ।” उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी से घर में भगवान गणेश की उपस्थिति के कारण दिव्यता और आनंद का वातावरण बना हुआ था। बप्पा की विदाई का क्षण हमेशा भावुक करने वाला होता है, लेकिन इसके साथ ही अगले वर्ष उनके दोबारा आगमन की प्रतीक्षा और विश्वास भी रहता है।
गणेश विसर्जन से पहले सांसद अग्रवाल ने परिवार के सदस्यों और स्नेहीजनों के साथ भगवान गणेश की विशेष पूजा की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद महाआरती कर विघ्नहर्ता भगवान गणेश से सभी के कल्याण की कामना की गई। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश सभी के जीवन से विघ्नों को दूर करें और रिद्धि-सिद्धि का वरदान प्रदान करें। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के समस्त प्रदेशवासियों और रायपुर के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि एवं बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
गणेशोत्सव के दौरान उनके निवास और रामसागर पारा स्थित प्रतिष्ठान में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा। परिवार और स्नेहीजनों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। विसर्जन के अवसर पर भी सभी ने मिलकर बप्पा की आरती की और अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की कामना करते हुए विदाई दी। बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संदेश में भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि मंगलमूर्ति गणेश प्रदेश के प्रत्येक परिवार पर अपनी कृपा बनाए रखें और लोगों के जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करें।
Next Story