छत्तीसगढ़
सांसद बृजमोहन अग्रवाल बेंगलुरु में उद्योगपतियों संग बैठक में हुए शामिल
Shantanu Roy
7 Dec 2025 6:27 PM IST

x
छग
Karnataka/Raipur. कर्नाटक/रायपुर। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कर्नाटक प्रवास के दौरान बेंगलुरु में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उद्योगपतियों के साथ छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को लेकर विस्तृत चर्चा की। यह आयोजन अग्रवाल समाज विकास ट्रस्ट, अग्रवाल समाज कर्नाटक और फाउंडेशन इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें देशभर से जुड़े उद्योगपति, समाजसेवी और प्रबुद्धजन शामिल हुए। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी उद्यमियों को छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य में निवेशकर्ताओं के लिए अनुकूल वातावरण, समृद्ध प्राकृतिक संसाधन, सक्षम कार्यबल और पारदर्शी नीतियां उपलब्ध हैं। साथ ही, उन्होंने उद्योगपतियों को छत्तीसगढ़ में नए निवेश अवसर तलाशने और रोजगार सृजन की दिशा में योगदान देने का आमंत्रण भी दिया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज तेजी से विकसित हो रहा राज्य है, जहां स्टील, ऊर्जा, मिनरल, कृषि-आधारित और सर्विस सेक्टर में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। इस दौरान विभिन्न उद्योगपतियों ने भी राज्य में निवेश की संभावनाओं को लेकर अपने सकारात्मक विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रबुद्धजनों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल का सम्मान किया। इस सम्मान को लेकर उन्होंने अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा विशेष क्षण है। अपने संबोधन में उन्होंने भगवान महाराजा अग्रसेन जी द्वारा दिए गए “एक ईंट–एक रुपया” के सिद्धांत को समाजसेवा की दिव्य परंपरा का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि यह मंत्र सामूहिक शक्ति, परोपकार और सद्भाव की अनूठी मिसाल है, जिसका अनुसरण आज भी समाज करता आ रहा है। अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित समाज के सभी सदस्यों से गरीब बेटियों की शादी, जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों की सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज जिस प्रतिबद्धता और संवेदना के साथ सेवा कार्यों में जुटा है, वह अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज के सहयोग और आशीर्वाद के साथ हर जरूरतमंद तक न्याय, सेवा और संवेदना पहुंचाने का उनका संकल्प आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम में अशोक हिसारिया, जय प्रकाश गुप्ता, चंदू भाई, राम सारिया, प्रभात किशनपुरीया, सुभाष अग्रवाल, मुरारीलाल सरावगी, विनोद अग्रवाल, सुरेश कुमार मोदी, सुभाष बंसल, सतीश गोयल, विनोद कुमार सिंघल और पारस चौटिया समेत बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Tagsबृजमोहन अग्रवालछत्तीसगढ़ निवेशबेंगलुरु कार्यक्रमउद्योगपति बैठकरोजगार सृजनअग्रवाल समाजमहाराजा अग्रसेनसमाजसेवाऔद्योगिक विकासकर्नाटक प्रवासBrijmohan AgrawalChhattisgarh InvestmentBengaluru ProgramIndustrialist MeetEmployment GenerationAgrawal SamajMaharaja AgrasenSocial ServiceIndustrial DevelopmentKarnataka Migration
Next Story





