छत्तीसगढ़

NIT रायपुर के 17वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, विद्यार्थियों को दीं शुभकामनाएं

Shantanu Roy
3 Nov 2026 6:48 PM IST
NIT रायपुर के 17वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, विद्यार्थियों को दीं शुभकामनाएं
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर का 17वां भव्य दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल और केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने विशेष रूप से शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उपाधि व पदक प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विद्यार्थी के जीवन का एक ऐसा महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जहां वर्षों की कठोर मेहनत, अनुशासन, त्याग और संजोए गए सपनों को नई मंजिल और पहचान मिलती है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज से आपके कंधों पर न केवल अपने करियर को संवारने की, बल्कि अपने परिवार, समाज और पूरे देश की अपेक्षाओं को पूरा करने की एक बड़ी जिम्मेदारी भी आ गई है।
श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा, क्षमता और अर्जित ज्ञान का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता या आजीविका तक सीमित न रखें, बल्कि इसका सदुपयोग समाज के कल्याण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए करें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा अपनी लगन, मेहनत और तकनीकी नवाचार (इनोवेशन) के बल पर देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें, यही हम सभी की कामना है।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने अपने संबोधन में एनआईटी रायपुर के शैक्षणिक योगदान की सराहना की और छात्र-छात्राओं को देश की प्रगति में तकनीकी ज्ञान के सही इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया। इस गरिमामय 17वें दीक्षांत समारोह में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की महानिदेशक डॉ. नल्लाथम्बी कलैसेल्वी, NIT रायपुर के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, शासी निकाय के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे सहित संस्थान के सम्मानित शिक्षकगण, शोधार्थी, विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Next Story