छत्तीसगढ़
लिफ्ट के बहाने बाइक सवार से लूट, 24 घंटे में पकड़े गए दो आरोपी
Shantanu Roy
28 March 2026 3:07 PM IST

x
छग
Korba. कोरबा। 26 मार्च को कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में हुई लूट की घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला मानिकपुर बाजार के पास का है, जहां अज्ञात युवकों ने योगेश कुमार केंवट से मारपीट कर उनकी मोटरसाइकिल और 2000 रुपये नकद लूट लिए थे। पीड़ित योगेश कुमार ने बताया कि वह किसी काम से कोरबा गया था और वापस घर लौट रहा था। तभी दोनों युवकों ने लिफ्ट मांगने के बहाने उसे रोका। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट की और उसके पैसे और बाइक छीन ली। चोटिल योगेश किसी तरह मानिकपुर चौकी पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजल अहमद अंसारी उर्फ अमन (23) और विजय चौहान (21) के रूप में हुई। जांच में पुलिस को आरोपियों के कब्जे से पुरानी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 AB 8037) और 2000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। उनके अनुसार, नशे की लत पूरी करने के लिए ही उन्होंने यह लूटपाट और मारपीट की घटना अंजाम दी। गिरफ्तार आरोपियों को मानिकपुर चौकी पुलिस ने जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
कोरबा पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” का हिस्सा है। अभियान के तहत क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बढ़ाई गई है और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत चौकी या हेल्पलाइन नंबर पर दें। इससे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और ऐसे नशेड़ी अपराधियों की गतिविधियों पर काबू पाया जा सकेगा। इस घटना ने स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने बताया कि मानिकपुर क्षेत्र में अब पेट्रोलिंग और जांच को और सख्त कर दिया गया है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Next Story





