छत्तीसगढ़

शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो मां की हत्या, बेटे ने बांस के डंडे से सिर पर किया हमला

SHIDDHANT
16 Aug 2026 10:13 PM IST
शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो मां की हत्या, बेटे ने बांस के डंडे से सिर पर किया हमला
x
छग
Ambagarh Chowki अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टांगापानी (तुमडीकसा) में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने कथित तौर पर अपनी मां के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना 12 अगस्त को हरेली पर्व के दिन हुई थी। परिवार के अन्य सदस्य खेत में पूजा करने गए हुए थे। इस दौरान घर पर 24 वर्षीय रोहित कुमार नुरेटी और उसकी 40 वर्षीय मां इद्रोतिन बाई नुरेटी मौजूद थीं।
पुलिस के अनुसार रोहित ने अपनी मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मां ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोहित ने बांस का डंडा उठाकर अपनी मां के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के सदस्य जब खेत से पूजा करके घर वापस लौटे तो इद्रोतिन बाई खाट पर गंभीर हालत में पड़ी मिलीं। पुलिस के मुताबिक घायल महिला ने इशारे से अपने पति अमित राम नुरेटी को घटना के संबंध में जानकारी दी। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मानपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया और चोटों की प्रकृति हिंसात्मक पाई गई। मर्ग जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मानपुर पुलिस ने रोहित कुमार नुरेटी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविशंकर डहरिया, सहायक उप निरीक्षक गंगसाय किरंगे, प्रधान आरक्षक कार्तिक राम भुआर्य, आरक्षक संतोष कुमार ठाकुर और नरेंद्र ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story