छत्तीसगढ़

Monsoon Update: देश के इन हिस्सों में हो रही झमाझम बारिश, जारी हुआ अलर्ट

Deepa Sahu
28 Jun 2022 12:24 AM IST
Monsoon Update: देश के इन हिस्सों में हो रही झमाझम बारिश, जारी हुआ अलर्ट
x
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में लोग उमस वाली गर्मी से परेशान हैं।

नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में लोग उमस वाली गर्मी से परेशान हैं। मानसून में आई देरी की वजह से दिल्ली-एनसीआर के तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी हो गई है। वहीं, देश के दूसरे हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा अपडेट बताया कि बिहार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने और गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।


मौसम विभाग ने उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल (उप-हिमालयी), सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, महाराष्ट्र (मध्य), कर्नाटक (तटीय), और केरल के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आइएमडी ने कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों पर भी भारी बारिश की संभावना जताई है।

देश के इन हिस्सों में होने वाली है झमाझम बारिश, जारी हुआ अलर्ट


मौसम विभाग के एक ताजा अपडेट के अनुसार एक जुलाई को पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। 28 जून और 01 जुलाई को पश्चिम उत्तर प्रदेश और 28 से 30 जून के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ बारिश होने का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जून को हिमाचल प्रदेश और 27 से 29 तारीख के दौरान उत्तराखंड में भी भारी बारिश की संभावना है।
दिल्ली में मंगलवार को हो सकती है बारिश

दिल्ली के मौसम की बात करें तो यहां सोमवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 62 फीसदी रही। मौसम विभाग ने आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने मंगलवार से बारिश आने से दिल्लीवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई है।
तटीय क्षेत्रों में मछुआरों के लिए जारी हुआ अलर्ट

बिहार में छिटपुट स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और गरज के साथ हल्की बारिश का होने का अनुमान है। पूर्वी मध्य और पूर्वोत्तर अरब सागर, दक्षिण गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक के तटों के साथ-साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ हवा चलने की संभावना है। आइएमडी ने मछुआरों के लिए चेतावनी भी जारी की है, जिसमें दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम मध्य अरब सागर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे और 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी की गई है।


Next Story