छत्तीसगढ़

मोदी की गारंटी है कभी नहीं हटाएंगे आरक्षण : अमित शाह

Nilmani Pal
1 May 2024 8:56 AM GMT
मोदी की गारंटी है कभी नहीं हटाएंगे आरक्षण : अमित शाह
x

रायपुर। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा, छत्तीसगढ़ प्रभु राम का ननिहाल है। कांग्रेस 70 साल से अटका रही थी, लटका रही थी, भटका रही थी। छत्तीसगढ़ वालों ने 11 में से 9 सीटें देकर मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और उन्होंने 5 साल में ही केस भी जीता, भूमिपूजन भी किया और 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा करके जय श्रीराम कर दिया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के भूपेश कक्का की सरकार नक्सलवाद को बढ़ावा देती रही।

लेकिन हमारे विष्णुदेव जी की सरकार बनने के बाद 4 महीने में ही 95 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। 350 गिरफ्तार हुए और कईं ने सरेंडर कर दिया। मोदी जी ने झारखंड, ओडिशा, बिहार, तेलंगाना, आंध्र, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से नक्सलवाद को 5 साल में समाप्त किया है। छत्तीसगढ़ छूट गया था, क्योंकि यहां भूपेश कक्का की सरकार थी। आप मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बना दीजिए, 2 साल में ही नक्सलवाद को हम जड़ से उखाड़ कर फेंक देंगे।

चुनाव जीतने के लिए इस देश में आतंकवाद और नक्सलवाद का पोषण कांग्रेस वर्षों से कर रही है। लेकिन अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। यहां आपने भाजपा की सरकार बनाई है, केंद्र में भी मोदी जी की सरकार तीसरी बार बनने वाली है, उसके बाद नक्सलवाद को जाना ही पड़ेगा। अभी 2 चरण के चुनाव हुए हैं। इन 2 चरणों में मोदी जी सेंचुरी मारकर बहुत आगे निकल गए हैं। तीसरे चरण में हमे 400 पार की दिशा में आगे बढ़ना है। मोदी जी के पास 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड भी है और 25 साल का एजेंडा भी है। छत्तीसगढ़ ज्यादातर पिछड़ा वर्ग, दलित और आदिवासी भाई-बहनों का क्षेत्र है। मोदी जी ने 2014 में कहा था कि हमारी जो सरकार बनेगी, वो गरीबों, दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों की होगी। मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का अर्थ है -इस देश को नक्सलवाद और आतंकवाद से मुक्ति दिलाना।

देश के गरीब के कल्याण की चिंता करना, देश को विकसित बनाना, जनजातियों के सम्मान की चिंता करना और हमारे छत्तीसगढ़ को देश का पहले नंबर का राज्य बनाना। कांग्रेस का सूत्र है - झूठ बोलो, जोर से बोलो, सार्वजनिक रूप से बोलो और बार-बार बोलो। वो कहते हैं कि मोदी जी को बहुमत मिलेगा, तो मोदी जी आरक्षण हटा देंगे, मेरा भी फेक वीडियो बनाकर उन्होंने circulate कर दिया। जब तक भाजपा का एक भी सांसद भारत की संसद में है, ST, SC और OBC के आरक्षण को न हम हटाएंगे और न कांग्रेस को हटाने देंगे। ये मोदी की गारंटी है।

Next Story