छत्तीसगढ़
बाढ़ आपदा से बचाव का मॉक ड्रिल, NDRF ने दिखाए रेस्क्यू के तरीके
Shantanu Roy
23 Nov 2026 7:34 PM IST

x
छग
Balodabazar. बलौदाबाजार। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों की जान बचाने और राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के पलारी स्थित बालसमुंद तालाब में जिला स्तरीय बाढ़ आपदा बचाव मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में एनडीआरएफ, रायपुर की राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया। इस दौरान बाढ़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित निकालने और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से बचाव कार्य करने का जीवंत प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। उन्हें आपदा के दौरान त्वरित कार्रवाई, आपसी समन्वय और संसाधनों के बेहतर उपयोग के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत करना और आम नागरिकों को बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर एनडीआरएफ छत्तीसगढ़ शाखा के कमांडेंट आदित्य रेड्डी ने बताया कि कटक, ओडिशा से आई एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से जिला स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लेना बेहद जरूरी है। यदि लोगों को बचाव के सही तरीकों की जानकारी हो, तो उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
कमांडेंट आदित्य रेड्डी ने बताया कि घरों में अनुपयोगी पड़ी वस्तुएं भी आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक साबित हो सकती हैं। पानी की खाली प्लास्टिक बोतलें, ट्यूब, पीपे और अन्य तैरने वाली वस्तुओं की सहायता से अस्थायी बचाव उपकरण तैयार किए जा सकते हैं। मॉक ड्रिल के दौरान जवानों ने इन वस्तुओं का उपयोग कर पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीकों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित एडीएम एआर टंडन ने कहा कि इस तरह के मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक आपदा के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना, तत्काल राहत उपलब्ध कराना और आपदा के बाद उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यासों से अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव मिलता है। इसके साथ ही आम नागरिकों में भी आपदा प्रबंधन और सुरक्षा उपायों को लेकर जागरूकता बढ़ती है। अभ्यास के दौरान एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने मोटरबोट संचालन, पानी में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित निकालने, लाइफ जैकेट और लाइफ बाय के उपयोग सहित विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया। जवानों ने बताया कि किसी व्यक्ति को बचाने के दौरान बचावकर्ता की स्वयं की सुरक्षा भी बेहद आवश्यक है। बिना उचित सावधानी के पानी में उतरना खतरनाक साबित हो सकता है।
मॉक ड्रिल में घरेलू अनुपयोगी वस्तुओं से अस्थायी तैरने वाले उपकरण तैयार करने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। इसके माध्यम से लोगों को बताया गया कि पारंपरिक बचाव उपकरण तत्काल उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में सुरक्षित तरीके से उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा सकता है। जिला स्तरीय आयोजन में राजस्व, आपदा प्रबंधन, सिंचाई, विद्युत, खाद्य, लोक निर्माण विभाग, वन, स्वास्थ्य और सहकारिता सहित एक दर्जन से अधिक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी को आपदा के समय उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई, ताकि वास्तविक परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान किसी प्रकार की देरी न हो। बालसमुंद तालाब में आयोजित इस मॉक ड्रिल को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी पहुंचे। लोगों ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ जवानों के बचाव कौशल को करीब से देखा। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संसाधनों के साथ प्रशिक्षण, सतर्कता, समय पर निर्णय और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।
Next Story





