छत्तीसगढ़
पता पूछने और लिफ्ट मांगने के बहाने मोबाइल झपटमारी, 5 फोन के साथ आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
1 Oct 2026 9:20 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी के कोटा क्षेत्र में पता पूछने और लिफ्ट मांगने के बहाने राहगीरों से मोबाइल झपटने वाले आरोपी को सरस्वती नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के साथ मौजूद एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से छीने गए कुल पांच मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 48 हजार रुपये बताई गई है। मामले की शुरुआत 22 सितंबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे हुई थी। प्रार्थी अवधेश सिंह, उम्र 45 वर्ष, निवासी कोटेश्वर नगर कोटा, अपनी शर्ट की जेब में Poco M4 5G मोबाइल रखे हुए थे। इसी दौरान बड़े बालों वाला एक युवक और उसका साथी उनके पास पहुंचे और मौका पाकर जेब से मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर 30 सितंबर को थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 212/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रोबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशू अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना सरस्वती नगर की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
30 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन और कोटा क्षेत्र के आसपास दो युवक सस्ते दामों में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल झपटमारी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार 22 सितंबर की रात सरस्वती नगर रेलवे फाटक के पास एक साइकिल सवार को पता पूछने के बहाने रोका गया और उसकी शर्ट की जेब से मोबाइल छीना गया।
इसके अलावा 24 सितंबर की रात करीब दो बजे एक मोटरसाइकिल सवार से लिफ्ट मांगने के बहाने उसे रोका गया। मौका मिलते ही वाहन के हैंडल में लगा मोबाइल झपटकर दोनों आरोपी भाग निकले। पूछताछ में सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बैठे लोगों से तीन अन्य मोबाइल झपटने की बात भी सामने आई। पुलिस ने आरोपी हरेश नायक के कब्जे से तीन मोबाइल बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से दो मोबाइल मिले, जिनकी कीमत करीब 16 हजार रुपये है। इस तरह कुल पांच मोबाइल जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरेश नायक, उम्र 20 वर्ष, निवासी मोतीलाल नगर कोटा रायपुर के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक शुक्ला, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनु साहू, प्रधान आरक्षक संजय सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से रात के समय सुनसान स्थानों पर अनजान लोगों से सतर्क रहने, मोबाइल को शर्ट की ऊपरी जेब या वाहन के हैंडल पर खुला न रखने और बिना बिल के सस्ता मोबाइल नहीं खरीदने की अपील की है। झपटमारी की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह भी दी गई है।
Next Story





