आपदाओं से सुरक्षा के लिए मोबाइल एप्स और हेल्पलाइन 1070 जारी

नारायणपुर। शासन द्वारा आपदाओं जैसे (बाढ़, आकाशीय बिजली, वनीय आग, लू-तापघात, आदि) के बारे में जनसामान्य को पूर्व चेतावनी प्रदान करने हतु सचेत, दामिनी एवं मेघदूत एप विकसित किये गए है तथा आपदा के समय जनसामान्य की सहायता एवं बचाव हेतु आपदा टोल फ्री नंबर 1070 जारी किया गया है। जनसामान्य मोबाइल में इस एप को गूगलप्ले स्टोर से डाउनलोड कर उपयोग कर सकते हैं। साथ ही आपदा टोल फ्री नंबर 1070 से संपर्क कर सकते हैं।
जिले में अब तक 1043.4 मिलीमीटर औसत वर्षा
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने बरसात के दिनों में सतर्कता बरतने के लिए सभी एसडीएम, तहसीलदारों को निर्देशित किया है, साथ ही वर्षा मापी यंत्र को दुरुस्त रखने के निर्देश दिये हैं। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर जिले में 26 अगस्त तक 1043.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। 26 अगस्त को तहसील नारायणपुर में 28.3 मिलीमीटर, छोटेडोंगर में 124.2 मिलीमीटर, ओरछा में 75 मिलीमीटर और कोहकामेटा में 9.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में चालू मानसून के दौरान 01 जून से अब तक 1043.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।





