विधायक के अशिक्षित बोल - निगमकर्मियों को झाडू मारो, संभाल लूंगा मैं

मनेन्द्रगढ़। अक्सर अपने विवादित बयानों से सुर्खियों में बने रहने वाले विधायक विनय जायसवाल का विवादित बयान एक बार फिर सामने आया है। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में विधायक विनय जायसवाल ने महिलाओं को एक अजीबो-गरीब सलाह दी है। उन्होंने कहा कि, नगर पालिका कर्मचारियों को झाड़ू से मारें। मारकर मुझे कॉल करें, मैं सब संभाल लूंगा। आप निश्चित रहे, आप पर पुलिस कार्रवाई नहीं होगी। विधायक के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
बता दें, नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 की महिलाएं वार्ड में नल न खुलने और नल बंद होने की शिकायत करने के लिए जल प्रदाय गृह पहुंची थीं। यहां आकर महिलाओं ने कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी और धरना प्रदर्शन किया था। इस बीच जब इस इस बात की सूचना वार्ड पार्षद के साथ विधायक विनय जायसवाल को मिली तो उन्होंने वहां पहुंचकर महिलाओं की समस्या को सुना, इसके बाद उन्होंने महिलाओं से कहा कि, नगरपालिका के कर्मचारियों को झाड़ू से मारना, मारकर मेरे को कॉल करना, कोई पुलिस कार्यवाही नहीं करेगी।
विधायक विनय जायसवाल के कर्मचारियों को झाड़ू से पीटने वाले बयान पर पूर्व विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि, विधायक जी झाड़ू से तो आपको पीटना चाहिए। नगर निगम के कर्मचारी को अगर झाड़ू से पीटने से समस्या हल होती है तो हमको बताइए हम भी झाड़ू लेकर आ जाएं।