छत्तीसगढ़

विधायक विनय भगत एवं कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा परिवारों को वितरित किया मच्छरदानी एवं कृषि उपकरण

Admin2
18 Feb 2021 1:47 PM GMT
विधायक विनय भगत एवं कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा परिवारों को वितरित किया मच्छरदानी एवं कृषि उपकरण
x

जशपुर विधायक विनय भगत एवं कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज मनोरा विकास खण्ड के सोनक्यारी में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को कृषि उपकरण एवं मच्छरदानी का वितरण किया। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष मनोरा श्री संजीव भगत, सीईओ जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी, प्रभारी सहायक आयुक्त एवं एसडीएम श्री दशरथ सिंह राजपूत, जनपद सीईओ मनोरा अनिल तिवारी, सूरज चौरसिया, मनमोहन भगत, अन्य अधिकारीगण, अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

विधायक विनय भगत ने स्थानीय भाषा में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगो के विकास के लिए प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं को संचालन कर रही है साथ ही जिला प्रशासन उन योजनओं को आप तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आपके विकास एवं आपको सारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आपको सारे संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे है, जिसके अंतर्गत आज आदिम जाति विकास विभाग द्वारा मच्छरदानी एवं जनपद पंचायत की तरफ से कृषि उपकरण का वितरण किया जा रहा जा रहा है। विधायक श्री भगत ने कहा कि आपके विकास के लिए आपको जागरूक होना होगा, प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन सदैव आपके साथ है। किसी प्रकार की समस्या के लिए आप कभी भी मुझसे संपर्क कर सकते है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन की पहल पर ही 100 पहाड़ी कोरवाओं को शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार मिल जुलकर ही कार्य करने से सबका विकास होगा। उन्होंने बताया कि राशनकार्ड के माध्यम से आपका 5 लाख तक का ईलाज की निःशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी। श्री भगत ने उपस्थित लोगों को नशा का सेवन न करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होने कहा कि नशा के कारण ही मानव का सर्वागिण विकास नहीं हो पाता। इसलिए उन्होने उपस्थित सभी से नशा का त्याग करने की अपील की।

कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने भी उपस्थित लोगो को स्थानीय भाषा में संबोधित करते हुए उनका हाल-चाल पूछा। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवाओं की विकास एवं उन्हें आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहाड़ी कोरवाओं के विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा 50 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए है। श्री कावरे ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र में प्रयास में पहाड़ी कोरवा वर्ग के 5 होनहार छात्रों को प्रवेश दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आप सभी की समस्यओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने के लिए ग्रामीण सचिवालय संचालित किया जा रहा है। जहां आपके समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर श्री कावरे ने उपस्थित लोगो से कहा कि आप लोगो को सुविधा प्रदान करने के लिए मच्छरदानी एवं कृषि उपकरण का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने सभी को मच्छरदानी के उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें उपयोग करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि मच्छरदानी के उपयोग से मलेरिया एवं सर्पदंश की घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने सभी को मच्छरदानी के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करते हुए सामग्री प्राप्त करने के लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी।

सीईओ जिला पंचायत श्री मंडावी ने उपस्थित सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए मनरेगा कार्यो के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने बच्चों को शासकीय विद्यालय, आश्रम-छात्रावास के माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराए। शिक्षा मनुष्य के विकास के लिए बहुत आवश्यक है। शिक्षा के माध्यम से ही आप अपने अधिकारों के बारे में जान पाएंगे। श्री मंडावी ने बताया कि आप सभी मनरेगा योजनांतर्गत संचालित विभिन्न रोजगारमूलक कार्यो से जुड़कर योजनाओं का लाभ ले। प्रभारी सहायक आयुक्त श्री राजपूत ने सभी का योजनाओं की जानकारी दी एवं उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह मच्छरदानी आपके उपयोग के लिए है। इसका लाभ उठावे। छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन निरंतर आपके विकास के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विधायक श्री भगत एवं कलेक्टर श्री कावरे सहित अन्य अतिथियों द्वारा 197 पहाड़ी कोरवा परिवारों को प्रति परिवार 2 नग मच्छरदानी एवं कृषि उपकरण प्रदान किया गया साथ ही कृषि विभाग द्वारा 9 परिवारों को मक्का बीज वितरण किया गया।

Next Story