विधायक प्रतिनिधि ने पुलिस चौकी में मचाया उत्पात, आरक्षक को जबरन पीटा

कोरबा। रामपुर विधानसभा के कांग्रेस विधायक फूलसिंह राठिया के प्रतिनिधि जयकिशन पटेल पर पुलिस चौकी में घुसकर आरक्षक के साथ मारपीट और जातिगत गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
आरक्षक विकास कोसले थाना करतला में पदस्थ हैं। वह 31 दिसंबर को थाना करतला से डाक वितरण करने पुलिस कार्यालय आए थे। डाक जमा करने के बाद वह अपने घर ओमपुर एम-745 ओमपुर में रुके हुए थे। रात करीब 10 बजे उनके मामा का लड़का राजेन्द्र जांगडे घर आया और बताया कि जयकिशन पटेल ने उसके साथ मारपीट कर जातिगत गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी है।
इसके बाद विकास कोसले राजेन्द्र जांगडे को साथ लेकर रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे और रिपोर्ट लिखाने के लिए आवेदन लिख रहे थे। उसी दौरान जयकिशन पटेल चौकी पहुंचा और चौकी के अंदर आरक्षक विकास को गाली-गलौज करते हुए “तुम लोग मेरा क्या उखाड़ लोगे” कहते हुए रात्रि गश्त अधिकारी और चौकी हाजिरी के सामने हाथ-झापड़ से मारपीट करने लगा। चौकी स्टाफ द्वारा मना करने के बाद भी वह नहीं माना और जान से मारने की धमकी देते हुए आरक्षक के साथ मारपीट करता रहा।आरक्षक विकास कोसले की रिपोर्ट पर जयकिशन पटेल के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 351(3) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।





