छत्तीसगढ़

विधायक रिकेश सेन का जनदर्शन कार्यक्रम, हर दिन सुन रहे जनता की समस्याएं

Shantanu Roy
10 Dec 2025 7:01 PM IST
विधायक रिकेश सेन का जनदर्शन कार्यक्रम, हर दिन सुन रहे जनता की समस्याएं
x
छग
Bhilai. भिलाई। भिलाई में विधायक रिकेश सेन द्वारा शुरू किया गया जनदर्शन कार्यक्रम लगातार लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए एक प्रभावी माध्यम बन गया है। जनप्रतिनिधि के रूप में वे हर दिन क्षेत्रवासियों से सीधे मुलाकात कर रहे हैं, जिससे जनता-जनार्दन को अपनी बात बिना किसी बाधा के रखने का अवसर मिल रहा है। आज आयोजित जनदर्शन में भी बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और उन्होंने अपनी आकांक्षाओं, अपेक्षाओं और आवश्यक मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। रिकेश सेन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में प्रत्येक विषय पर विस्तृत चर्चा की।

जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव था, उनके लिए मौके पर ही निर्देश जारी कर दिए गए। वहीं जिन मामलों में विभागीय कार्यवाही आवश्यक है, उनके लिए अधिकारियों को स्पष्ट समयसीमा के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से बिजली, पानी, सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं, पेंशन, शिक्षा, राजस्व संबंधित मामलों और क्षेत्र के विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। कई प्रभावितों ने बताया कि जनदर्शन के माध्यम से उन्हें पहली बार ऐसे मंच पर अपनी बात सीधे विधायक तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है, जहां त्वरित निर्णय भी लिए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि उनका संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक की आवाज सुनी जाए और हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याएं सिर्फ सुनने के लिए नहीं, बल्कि स्थायी समाधान देने के लिए यह कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि जनता के प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से लें और योजनाओं को जमीनी स्तर पर सही तरीके से लागू करें। जनदर्शन कार्यक्रम की पहल को क्षेत्र में काफी सराहना मिल रही है। लोगों का मानना है कि इससे जनप्रतिनिधि और नागरिकों के बीच की दूरी कम हुई है और समस्याएं अब फाइलों में अटकी नहीं रहतीं, बल्कि उनके समाधान की दिशा में त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं।
Next Story