छत्तीसगढ़

कलाकारों को मुख्यमंत्री से मिलवाएंगे विधायक ललित चंद्राकर

Nil dhankar
25 March 2025 12:46 PM IST
कलाकारों को मुख्यमंत्री से मिलवाएंगे विधायक ललित चंद्राकर
x

भिलाई। ललित कला अकादमी के रीजनल सेन्टर की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री से मिलेंगे छत्तीसगढ़ के ख्यातलब्ध कलाकार। विधायक ललित चंद्राकर ने अपने आवास में मिलने आए कलाकारो को आश्वस्त किया है कि वे इस महत्वपूर्ण विषय पर हरसंभव मदद करेंगे। मुलाकात के दौरान वरिष्ठ रंगकर्मी विजय शर्मा, प्रवीण कालमेघ, तरूण धोटे, कांता देवी, यश दलवी खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय से प्रीति, गुंजन तथा ललित कला, नई दिल्ली में राज्य से प्रथम बोर्ड मेम्बर डॉ.अंकुश देवांगन उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्र के कलाकार विगत अनेक वर्षों से भिलाई मे ललित कला अकादमी के रीजनल सेन्टर की मांग को लेकर संघर्षरत हैं। इस दौरान सांसद विजय बघेल का भी उन्हें निरंतर नेतृत्व प्राप्त होता रहा है। विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में भी सांसद ने ललित कला की मांग को शामिल किया था। यही वजह है कि ललित कला से जुड़े देश विदेश में फैले कलाकारों को उम्मीद है कि यह बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होकर रहेगी। विधायक ललित चंद्राकर ने चुनावी घोषणा को मोदी की गारंटी कहते हुए कहा है कि वे छत्तीसगढ़ी कलाजगत के लिए इस महत्वपूर्ण विषय पर हरसंभव मदद करेंगे।

इसके लिए कलाकारो का एक प्रतिनिधिमंडल अतिशीघ्र ही ललित चंद्राकर के मार्गदर्शन मे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। वरिष्ठ रंगकर्मी विजय शर्मा और प्रवीण कालमेघ ने वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार के कार्य की मुक्तकंठ प्रशंसा करते हुए ललित चंद्राकर को बताया कि आजादी के बाद पूरे भारतवर्ष को सात कला केन्द्रों में बांटा गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य उड़ीसा के अंतर्गत आता है। यदि यह नया सेन्टर बनता है तो छत्तीसगढ़ के कलाकारों को कहीं नहीं भटकना पड़ेगा। यश दलवी, कांता देवी और तरूण धोटे ने खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए विधायक को जानकारी दी कि वहां से निकले कलाकारों को भी भिलाई मे एक बड़ा मंच मिल सकेगा। वहीं अकादमी में छत्तीसगढ़ के प्रथम बोर्ड मेम्बर डॉ.अंकुश देवांगन ने आशा व्यक्त की है कि डबल इंजन की सरकार इस मांग को अतिशीघ्र ही पूरी करेगी। और छत्तीसगढ़ के समस्त कलाकारों को एक बड़ी सौगात देगी।

Next Story