छत्तीसगढ़

विधायक भावना बोहरा ने किया चरखुरा में 20 लाख की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन

Shantanu Roy
12 Sept 2025 8:20 PM IST
विधायक भावना बोहरा ने किया चरखुरा में 20 लाख की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन
x
छग
Navagaon. नवागांव। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने आज ग्राम चरखुरा में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। यह आयोजन तेज़ बारिश के बीच भी ग्रामवासियों के पूरे उत्साह और सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र के विकास के लिए समर्थन और आशीर्वाद प्रदान किया। विधायक भावना बोहरा ने ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद से पंडरिया विधानसभा के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य लेकर हम निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि गाँवों में बुनियादी सुविधाओं के निर्माण से न केवल संपर्क व्यवस्था सुधरेगी बल्कि सामाजिक जीवन में भी सुधार आएगा।

भूमिपूजन के तहत जिन कार्यों का शुभारंभ किया गया, उनमें सीसी रोड निर्माण, मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय का निर्माण तथा नवागांव आश्रित ग्राम में नया मुक्तिधाम शामिल है। सीसी रोड निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, खासकर बरसात के दिनों में खराब रास्तों की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएँ सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगी और अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यों में मदद करेंगी। कार्यक्रम में भारी बारिश के बावजूद ग्रामवासियों का उत्साह देखने लायक रहा। महिलाएँ, युवक, बुजुर्ग सभी ने पूरे मनोयोग से कार्यक्रम में भाग लिया। ग्रामवासियों ने विधायक भावना बोहरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे विकास कार्य उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद करेंगे। विधायक ने कहा कि प्रशासन ग्रामवासियों की जरूरतों को समझते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन कर रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कार्य समय पर पूरे होंगे और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही, उन्होंने ग्रामवासियों से भी अनुरोध किया कि वे अपने गाँव को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए सहयोग करें।
Next Story